Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

बांदा, 19 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में जसपुरा थाना क्षेत्र के रामपुर गांव स्थित सैकड़ों वर्ष पुराने और आस्था के प्रमुख केंद्र मां भीखर देवी मंदिर से शनिवार-रविवार की रात अज्ञात चोर अष्टधातु की प्राचीन प्रतिमा चोरी कर ले गए। रविवार तड़के जब पुजारी नियमित पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे तो गर्भगृह से प्रतिमा गायब देख उनके होश उड़ गए। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में श्रद्धालु व ग्रामीण मंदिर परिसर में एकत्र हो गए। घटना को लेकर लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
मां भीखर देवी सेवा ट्रस्ट के संरक्षक भजन सिंह ने बताया कि शनिवार रात अज्ञात चोर मंदिर के गर्भगृह में घुस गए और वहां स्थापित अष्टधातु की प्राचीन प्रतिमा चोरी कर ले गए। रविवार सुबह करीब चार बजे पुजारी नरेंद्र पांडेय पूजा के लिए मंदिर पहुंचे तो प्रतिमा अपने स्थान पर नहीं मिली। उन्होंने तत्काल ग्रामीणों और ट्रस्ट पदाधिकारियों को सूचना दी, जिसके बाद मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी।
ग्रामीणों का कहना है कि चोरी हुई प्रतिमा सैकड़ों वर्ष पुरानी थी और उसकी कीमत एक लाख रुपये से अधिक आंकी जा रही है। लोगों के अनुसार कुछ समय पहले भी मंदिर से प्रतिमा चोरी करने का प्रयास हुआ था, लेकिन उस समय चोर सफल नहीं हो सके थे। इसके बावजूद मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत नहीं किया गया, जिससे अब चोर अपनी वारदात को अंजाम देने में सफल रहे।
मंदिर में मूर्ति चोरी की सूचना मिलते ही जसपुरा थाना प्रभारी ऋषि देव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ करते हुए साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि अज्ञात चोरों की तलाश के लिए टीम गठित कर जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
इस मामले में मां भीखर देवी सेवा ट्रस्ट के संरक्षक भजन सिंह ने जसपुरा थाने में तहरीर देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर शीघ्र प्रतिमा बरामद करने और आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग की है।
मां भीखर देवी मंदिर क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र माना जाता है। ऐसे धार्मिक स्थल से प्राचीन प्रतिमा की चोरी ने श्रद्धालुओं की भावनाओं को गहरा आघात पहुंचाया है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द प्रतिमा बरामद कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह