Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

- सीमा पार के तस्करों से संबंधित विदेशी हैंडलर के इशारे पर कर रहे थे काम
चंडीगढ़, 14 जुलाई (हि.स.)। पंजाब पुलिस के काउंटर इंटेलिजेंस (सीआई) विंग ने अमृतसर में सीमा पार से नशा तस्करी वाले मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है। दो तस्करों को गिरफ्तार करके उनके कब्जे से 30 किलो हेरोइन बरामद की गई है।
पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने मंगलवार को बताया कि अमृतसर के शहीद ऊधम सिंह नगर निवासी गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी और भल्ला कॉलोनी निवासी गगनदीप सिंह को गिरफ्तार किया गया है। इनसे हेरोइन की बड़ी खेप बरामद करने के अलावा पुलिस टीम ने उनकी मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है, जिसका उपयोग वे खेप की सप्लाई के लिए कर रहे थे।
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि दोनों तस्कर सीमा पार के तस्करों से संबंधित एक विदेशी हैंडलर के इशारे पर काम कर रहे थे। उन्होंने बताया कि वे विभिन्न स्थानों से हेरोइन की खेप हासिल करके उन्हें आगे राज्य भर में विभिन्न पार्टियों को सप्लाई करते थे।उन्होंने बताया कि सीआई अमृतसर की पुलिस टीमों को सूचना मिली थी कि गुरप्रीत सिंह और गगनदीप सिंह ने हाल ही में हेरोइन की एक बड़ी खेप हासिल की है और वे अमृतसर के थाना कंबोअ के अंतर्गत आने वाले गांव गौंसाबाद के पास किसी दूसरी पार्टी को यह सप्लाई देने जा रहे हैं।
उन्होंने आगे बताया कि पुलिस टीमों ने सतर्कता दिखाते हुए नाकेबंदी की और अमृतसर के गौंसाबाद के पास से उनकी मोटरसाइकिल को रोककर उन्हें 30 किलो हेरोइन सहित काबू कर लिया। डीजीपी ने कहा कि समग्र सप्लाई चेन का भंडाफोड़ करने के लिए इस मामले में आगे की जांच जारी है। आरोपियों के खिलाफ अमृतसर में मामला दर्ज करके अगली कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा