Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

नई दिल्ली, 14 जुलाई (हि.स.)। उत्तर रेलवे के दिल्ली मंडल अंतर्गत शामली रेलवे स्टेशन का अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत 24.95 करोड़ रुपये की लागत से व्यापक पुनर्विकास किया गया है। स्टेशन को आधुनिक यात्री सुविधाओं से सुसज्जित करते हुए इसे अधिक सुगम, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाया गया है।
अमृत भारत स्टेशन योजना भारतीय रेलवे की महत्वाकांक्षी परियोजना है, जिसका उद्देश्य देशभर के रेलवे स्टेशनों का चरणबद्ध आधुनिकीकरण कर यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा स्टेशनों को आसपास के क्षेत्रों से बेहतर संपर्क प्रदान करना है। योजना के अंतर्गत स्टेशन परिसरों का समग्र विकास, सड़क संपर्क, फुटपाथ और अन्य आधारभूत संरचनाओं का भी विस्तार किया जा रहा है।
शामली रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास के तहत स्टेशन भवन का नवीनीकरण किया गया है। यात्रियों की सुविधा के लिए 12 मीटर चौड़ा फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) बनाया गया है। इसके अलावा नया पार्किंग क्षेत्र, सर्कुलेटिंग एरिया, आधुनिक प्रतीक्षालय तथा शौचालय ब्लॉक विकसित किए गए हैं। प्लेटफॉर्म शेल्टर और प्लेटफॉर्म सतह का भी उन्नयन किया गया है, जिससे यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
स्टेशन को दिव्यांगजन-अनुकूल बनाने पर भी विशेष ध्यान दिया गया है। इसके तहत प्रवेश रैंप, टैक्टाइल पाथवे, सुगम्य शौचालय, पेयजल बूथ, आरक्षित पार्किंग सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं विकसित की गई हैं। साथ ही दो लिफ्ट भी स्थापित की गई हैं, जिससे बुजुर्गों, दिव्यांगजनों तथा अन्य यात्रियों की आवाजाही अधिक सुगम हो सकेगी।
भारतीय रेलवे का मानना है कि अमृत भारत स्टेशन योजना के माध्यम से रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण न केवल यात्रियों के यात्रा अनुभव को बेहतर बनाएगा बल्कि स्थानीय क्षेत्र के समग्र विकास और बेहतर कनेक्टिविटी को भी नई गति प्रदान करेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी