Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

रांची, 14 जुलाई (हि.स.)। झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद (जेईपीसी) ने सत्र 2026-27 के विद्यालयी खेल कैलेंडर के तहत आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं का कार्यक्रम मंगलवार को जारी कर दिया। इसके तहत 65वीं राज्य स्तरीय सुब्रतो मुखर्जी फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन 17 से 21 जुलाई तक रांची के खेलगांव स्थित बिरसा मुंडा एथलेटिक्स स्टेडियम में किया जाएगा।
परिषद ने सभी प्रमंडलों की विजेता टीमों को 16 जुलाई अपराह्न तीन बजे तक स्टेडियम के रजिस्ट्रेशन हॉल में अनिवार्य रूप से रिपोर्ट करने का निर्देश दिया है। इस दौरान खिलाड़ियों का पंजीकरण, दस्तावेजों का सत्यापन तथा अन्य आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी।
प्रतियोगिता में राज्य के सभी प्रमंडलों की विजेता टीमें भाग लेंगी। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टीमों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में झारखंड का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा।
विद्यालयी खेल प्रतियोगिताओं के अगले चरण में द्वितीय राज्य स्तरीय लिटिल चैंप्स फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन 23 से 25 जुलाई तथा राज्य स्तरीय जवाहरलाल नेहरू हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन 29 से 31 जुलाई तक किया जाएगा।
झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद ने सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों, जिला शिक्षा अधीक्षकों, जिला कार्यक्रम पदाधिकारियों एवं संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं। परिषद ने खिलाड़ियों की सुरक्षित भागीदारी, समयबद्ध पंजीकरण तथा प्रतियोगिताओं के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन को सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया है।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar