Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

रांची, 14 जुलाई (हि.स.)। भौमबती अमावस्या के पावन अवसर पर मंगलवार को रातू रोड स्थित श्रीलक्ष्मी वेंकटेश्वर मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना एवं धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन श्रद्धा और भक्ति के साथ संपन्न हुआ। सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। भक्तों ने भगवान श्री वेंकटेश्वर के दर्शन कर परिवार की सुख-शांति, समृद्धि, ग्रहों की शांति और पितृ दोष निवारण की कामना की।
मंदिर के अर्चकों ने प्रातःकाल भगवान श्रीश्रीनिवास के विश्वरूप दर्शन, सुप्रभातम्, मंगलाशासनम् एवं करावलंबम् के साथ अनुष्ठानों का शुभारंभ किया। इसके बाद पाञ्चरात्र आगम परंपरा के अनुसार तिरूवाराधन संपन्न कराया गया। महाआरती के उपरांत भगवान को पायसान्न (खीर) का बालभोग अर्पित किया गया तथा श्रुति, उपनिषद और देशिक स्तोत्रों के माध्यम से भगवान की स्तुति की गई।
मंदिर के अर्चक गोपेश आचार्य एवं नारायण दास ने वैदिक विधि-विधान के अनुसार सभी धार्मिक अनुष्ठानों का संचालन कराया। दिनभर के भोग की सेवा लोकेशा-अगस्त्या कौशिक परिवार की ओर से समर्पित की गई।
पूरे दिन मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान श्री वेंकटेश्वर की विशेष पूजा-अर्चना कर परिवार की खुशहाली, सुख-समृद्धि और मंगलमय जीवन की प्रार्थना की।
कार्यक्रम को सफल बनाने में राम अवतार नारसरिया, अनूप अग्रवाल, प्रदीप नारसरिया, राजू चौधरी, राजेश सुल्तानिया, रंजन सिंह, सुशील लोहिया, ओमप्रकाश गाड़ोदिया, सुशील गाड़ोदिया और ललित पोद्दार सहित अनेक श्रद्धालुओं एवं मंदिर से जुड़े लोगों ने सक्रिय सहयोग दिया। पूरे दिन मंदिर में दर्शन-पूजन और धार्मिक अनुष्ठानों का क्रम जारी रहा।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak