Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

रांची, 14 जुलाई (हि.स.)।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने कहा कि झारखंड के नर्सिंग और मेडिकल छात्रों को अमेरिका में विश्वस्तरीय प्रशिक्षण, शोध और कौशल विकास का अवसर दिलाने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ी पहल की है। अमेरिका की जॉर्जिया स्टेट यूनिवर्सिटी के साथ राज्य के नर्सिंग कॉलेजों और मेडिकल संस्थानों के शैक्षणिक सहयोग के लिए समझौता (एमओयू) अंतिम चरण में है। मंत्री सोमवार को रांची में जॉर्जिया स्टेट यूनिवर्सिटी के इंटरनेशनल सेंटर फॉर पब्लिक पॉलिसी के निदेशक चार्ल्स आर हैंकला और उनके प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात करने के बाद बोल रहे थे।
मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की छात्रवृत्ति योजना के माध्यम से मेधावी नर्सिंग और मेडिकल छात्रों को एक वर्ष के प्रशिक्षण के लिए अमेरिका भेजने का प्रयास किया जाएगा। प्रशिक्षण के बाद छात्र लौटकर राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करेंगे। उन्होंने इसे युवाओं के भविष्य, रोजगार और आधुनिक चिकित्सा शिक्षा की दिशा में ऐतिहासिक पहल बताया। प्रतिनिधिमंडल सदस्यों ने स्वास्थ्य मंत्री के साथ मेडिकल शिक्षा, नर्सिंग, पैरामेडिकल, रिसर्च, आधुनिक स्वास्थ्य तकनीक और अकादमिक सहयोग पर विस्तृत चर्चा की। चार्ल्स हैंकला ने कहा कि उनकी टीम पिछले एक वर्ष से झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था का अध्ययन कर रही है। इरफान अंसारी ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड को स्वास्थ्य, शिक्षा और कौशल विकास के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाने की दिशा में लगातार काम हो रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar