Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

रांची, 14 जुलाई (हि.स.)। नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित 'भारत टेक्स 2026' में मंगलवार को झारखंड के उद्योग मंत्री संजय प्रसाद यादव ने झारखंड पैवेलियन का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राज्य की पहचान केवल उसकी भौगोलिक सीमाओं तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि झारखंड के पारंपरिक हस्तकरघा और वस्त्र उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाना सरकार की प्राथमिकता है।
उद्योग मंत्री ने कहा कि झारखंड की समृद्ध हस्तकरघा और वस्त्र विरासत को वैश्विक मंच पर स्थापित कर रोजगार के नए अवसर सृजित किए जाएंगे, ताकि राज्य के युवाओं को रोजगार के लिए पलायन न करना पड़े। उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों को वैश्विक बाजार उपलब्ध होने से राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और विकास को नई गति प्राप्त होगी।
संजय प्रसाद यादव ने कहा कि 'भारत टेक्स 2026' झारखंड के पारंपरिक वस्त्र उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने, बुनकरों एवं कारीगरों को नए व्यावसायिक अवसर उपलब्ध कराने तथा राज्य के वस्त्र उद्योग को वैश्विक मूल्य श्रृंखला से जोड़ने का महत्वपूर्ण मंच साबित होगा।
मंत्री ने कहा कि 'भारत टेक्स 2026' वस्त्र एवं परिधान उद्योग की संपूर्ण मूल्य श्रृंखला के लिए व्यापार, निवेश, नवाचार, नीतिगत संवाद और रणनीतिक साझेदारी का एक प्रमुख वैश्विक मंच बन चुका है। यह आयोजन भारत के वस्त्र एवं फैशन उद्योग को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाने के साथ-साथ सतत विकास, तकनीकी नवाचार, निवेश और अंतरराष्ट्रीय व्यापार को भी नई दिशा प्रदान कर रहा है।
सूचना एवं जनसंपर्क निदेशालय की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, झारखंड पैवेलियन में राज्य के छह जीआई टैग प्राप्त हस्तकरघा उत्पादों की आकर्षक प्रदर्शनी लगाई गई है। इसके माध्यम से झारखंड की समृद्ध वस्त्र परंपरा, पारंपरिक शिल्पकला और बुनकरों की प्रतिभा को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के समक्ष प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया। प्रदर्शनी में तसर सिल्क, कुचाई सिल्क, भगैया साड़ी एवं फैब्रिक, टुमका चादर, भोया साड़ी एवं फैब्रिक तथा पंछी साड़ी एवं फैब्रिक प्रमुख आकर्षण रहे।
आयोजन में देश-विदेश के निर्माता, निर्यातक, वैश्विक खरीदार, निवेशक, नीति-निर्माता, अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडल, स्टार्टअप, प्रौद्योगिकी प्रदाता तथा हस्तशिल्प एवं हस्तकरघा क्षेत्र से जुड़े बड़ी संख्या में कारीगर और उद्यमी भाग ले रहे हैं।
कार्यक्रम में उद्योग विभाग के निदेशक विशाल सागर, अपर सचिव प्रीति सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।-----------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे