Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

नई दिल्ली, 14 जुलाई (हि.स.)। भारत और मालदीव के बीच मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) की वार्ता का पहला दौर पूरा हो गया है। दोनों देशों के बीच एफटीए पर बातचीत में आठ तकनीकी सत्रों के दौरान महत्वपूर्ण प्रगति दर्ज की गई है। दोनों देशों के बीच यह वार्ता 29 जून से 7 जुलाई तक वर्चुअल माध्यम से आयोजित की गई थी।
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के मुताबिक भारतीय वार्ता टीम का नेतृत्व वाणिज्य विभाग में संयुक्त सचिव और मुख्य वार्ताकार उज्ज्वल कुमार घोष ने किया, जबकि मालदीव प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व उसके मुख्य वार्ताकार यूसुफ रिजा ने किया। इस वार्ता के पहले दौर के दौरान दोनों पक्षों की वार्ता टीमों ने आठ नीतिगत क्षेत्रों को शामिल करते हुए आठ तकनीकी सत्रों में लिखित चर्चा में भाग लिया। दोनों पक्षों ने वार्ता के दौरान सभी पहलुओं पर ठोस प्रगति की और कई मुद्दों पर व्यापक सहमति बनी।
इससे पहले 8 जुलाई को केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने मालदीव के आर्थिक विकास, परिवहन एवं व्यापार मंत्री मोहम्मद सईद से मुलाकात की। दोनों मंत्रियों ने इस दौरान भारत-मालदीव मुक्त व्यापार समझौता बातचीत सहित चल रही द्विपक्षीय आर्थिक पहलों की प्रगति की समीक्षा की। भारत और मालदीव के बीच राजनयिक संबंधों के 60 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में दोनों पक्षों ने द्विपक्षीय निवेश संधि (बीआईटी) और मुक्त व्यापार समझौता (एफटीए) को जल्द से जल्द पूरा करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
भारत, मालदीव का दूसरा सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार है। दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार वित्त वर्ष 2025-26 में 771.76 मिलियन अमेरिकी डॉलर रहा, जबकि वित्त वर्ष 2024-25 में यह 679.70 मिलियन अमेरिकी डॉलर रहा था, जो 13.54 फीसदी की वृद्धि दर्शाता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर