Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

नई दिल्ली, 14 जुलाई (हि.स.)। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने महादेव ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप से जुड़े धनशोधन मामले में ईबिक्स के अध्यक्ष विकास गर्ग को गिरफ्तार किया है। ईडी ने उन्हें उनके आवास से यहां हिरासत में लिया और ट्रांजिट रिमांड प्राप्त करने के बाद रायपुर ले जाया जा रहा है। उन्हें बुधवार को रायपुर की पीएमएलए अदालत में पेश किया जाएगा।
जांच एजेंसी के अनुसार, हाल ही में विकास गर्ग, उनके परिवार के सदस्यों तथा उनके स्वामित्व एवं नियंत्रण वाली कंपनियों की 940.77 करोड़ रुपये मूल्य की संपत्तियां कुर्क की गई थीं। आरोप है कि ऑनलाइन सट्टेबाजी से अर्जित अवैध धन को विकास गर्ग के नियंत्रण वाली कंपनियों में पहुंचाया गया। इसके बाद विभिन्न संस्थाओं के माध्यम से उसे शेयरों, प्रतिभूतियों और अन्य परिसंपत्तियों की खरीद में लगाया गया।
ईडी की जांच में सामने आया है कि विकास गर्ग तीन सूचीबद्ध कंपनी विकास इकोटेक लिमिटेड, विकास लाइफकेयर लिमिटेड और एराया लाइफस्पेसेस लिमिटेड के प्रवर्तक हैं। जांच एजेंसी का आरोप है कि उन्होंने एराया लाइफस्पेसेस लिमिटेड के माध्यम से ईबिक्सकैश में 64 प्रतिशत हिस्सेदारी हासिल की, जिसके लिए कथित तौर पर अवैध सट्टेबाजी गतिविधियों से प्राप्त धन का उपयोग किया गया।
ईडी ने कहा कि महादेव ऑनलाइन सट्टेबाजी नेटवर्क से जुड़े धन के प्रवाह, निवेश और परिसंपत्तियों के अधिग्रहण की जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर