अमृतसर पुलिस ने हैंड ग्रेनेड और तीन आधुनिक राइफलें की बरामद, नाबालिग सहित तीन व्यक्ति काबू
अमृतसर, 14 जुलाई (हि.स.)। अमृतसर देहात पुलिस ने एक नाबालिग सहित तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार कर अवैध हथियारों और विस्फोटक सामग्री की तस्करी करने वाले एक मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से एक हैंड ग्रेनेड और एक एके-47 राइफल सहित तीन आ
Amritsar Rural Police recoverd grenade and three sophisticated rifles


अमृतसर, 14 जुलाई (हि.स.)। अमृतसर देहात पुलिस ने एक नाबालिग सहित तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार कर अवैध हथियारों और विस्फोटक सामग्री की तस्करी करने वाले एक मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से एक हैंड ग्रेनेड और एक एके-47 राइफल सहित तीन आधुनिक राइफलों का जखीरा बरामद किया है।

पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने बताया कि गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान आकाशबीर सिंह उर्फ काशी निवासी भैणी राजपूतां, अमृतसर, जोबन सिंह निवासी बलग्गण, अमृतसर तथा एक नाबालिग के रूप में हुई है। बरामद हथियारों में एक एके-47 राइफल, एक संशोधित एम4-प्रकार का .30 बोर ऑटोमैटिक हथियार तथा एक विशेष रूप से संशोधित .30 बोर सेमी-ऑटोमैटिक हथियार सहित पांच मैगजीन शामिल हैं।

इस अभियान संबंधी जानकारी साझा करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अमृतसर देहात कंवलप्रीत सिंह चाहल ने बताया कि थाना घरिंडा की पुलिस टीमों को गुप्त सूचना मिली थी कि आकाशबीर उर्फ काशी और जोबन सिंह अपने नाबालिग साथी के साथ मिलकर सीमा पार से ड्रोन के माध्यम से भेजे जा रहे अत्याधुनिक हथियार, गोला-बारूद और ग्रेनेड प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीमों ने अटारी क्षेत्र के निकट विशेष अभियान चलाकर तीनों आरोपियों को एक हैंड ग्रेनेड और तीन आधुनिक राइफलों सहित गिरफ्तार कर लिया।

एसएसपी ने कहा कि मामले की आगे जांच जारी है तथा आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां तथा बरामदगी होने की संभावना है। इस संबंध में थाना घरिंडा, जिला अमृतसर देहात में मामला दर्ज कर लिया है।

हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH