Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

जगदलपुर, 13 जुलाई (हि.स.)। शुक्रवार 31 जुलाई को प्रधानमंत्री राहत योजना और इलेक्ट्रॉनिक डिटेल्ड एक्सीडेंट रिपोर्ट प्रणाली के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर एक दिवसीय संभाग स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। यह महत्वपूर्ण प्रशिक्षण कलेक्ट्रेट परिसर के प्रेरणा कक्ष में प्रात: 11 बजे से शुरू होगा, जिसका मूल उद्देश्य सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विभागों के बीच आपसी तालमेल को बेहतर बनाना है।
इस प्रशिक्षण के दौरान इलेक्ट्रॉनिक डिटेल्ड एक्सीडेंट रिपोर्ट प्रणाली के तहत मामलों को जल्द मंजूरी देने, प्रभावितों को मिलने वाली राहत राशि की भुगतान प्रक्रिया को तेज करने, दुर्घटनाओं से जुड़े डेटा की शुद्धता सुनिश्चित करने और उपलब्ध निधि का शत-प्रतिशत सही उपयोग करने जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। जारी पत्र के अनुसार इस प्रशिक्षण में डिस्ट्रिक्ट जीआरओ प्रधानमंत्री राहत, पुलिस अधीक्षक, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी और जिला सड़क सुरक्षा प्रबंधक शामिल रहेंगे। इसके साथ ही प्रशासनिक दक्षता को बढ़ाने के लिए सभी विभाग प्रमुखों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने अधीनस्थ नोडल अधिकारियों और संबंधित क्षेत्रों के थाना प्रभारियों की भी इस प्रशिक्षण में अनिवार्य रूप से उपस्थिति सुनिश्चित करें।
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे