Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

रायपुर, 13 जुलाई (हि.स.)। छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने आज उत्कृष्ट विधायकों के नामों की घोषणा की है। इस वर्ष सत्ता पक्ष (भाजपा) से बिल्हा क्षेत्र के वरिष्ठ विधायक धरमलाल कौशिक और विपक्ष (कांग्रेस) से राघवेंद्र सिंह को उत्कृष्ट विधायक चुना गया है।
विधानसभा अध्यक्ष ने घोषणा करते हुए बताया कि सत्तापक्ष की ओर से धरमलाल कौशिक को उत्कृष्ट विधायक चुना गया है। वहीं प्रतिपक्ष की ओर से राघवेंद्र सिंह को उत्कृष्ट विधायक सम्मान प्रदान किया जाएगा। यह सम्मान विधानसभा की कार्यवाही में सक्रिय भागीदारी और संसदीय परंपराओं के प्रति उल्लेखनीय योगदान के लिए दिया जाता है।
पत्रकारिता के क्षेत्र में प्रिंट मीडिया श्रेणी से पत्रिका के संवाददाता संतराम साहू को उत्कृष्ट पत्रकार चुना गया है। वहीं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया श्रेणी में संवाददाता सौरभ सिंह परिहार और राजेश राज को संयुक्त रूप से उत्कृष्ट पत्रकार सम्मान के लिए चयनित किया गया है।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने सभी चयनित विधायकों और पत्रकारों को बधाई देते हुए उनके उत्कृष्ट कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह सम्मान जनप्रतिनिधियों और पत्रकारों को बेहतर कार्य के लिए प्रोत्साहित करने तथा संसदीय मूल्यों और लोकतांत्रिक परंपराओं को मजबूत करने का माध्यम है।
हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा