Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

नई दिल्ली, 13 जुलाई (हि.स.)। दिल्ली मंडल के अंतर्गत आने वाले मोदीनगर रेलवे स्टेशन का अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत व्यापक पुनर्विकास कार्य पूरा हो गया है। लगभग 25.75 करोड़ रुपये की लागत से विकसित इस परियोजना का उद्देश्य यात्रियों को आधुनिक, सुरक्षित और सुविधाजनक रेलवे स्टेशन उपलब्ध कराना है।
अमृत भारत स्टेशन योजना भारतीय रेलवे की एक महत्वाकांक्षी पहल है, जिसके तहत देशभर के रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण किया जा रहा है। योजना का मुख्य उद्देश्य स्टेशनों की कनेक्टिविटी, पहुंच और यात्री सुविधाओं में सुधार करना है, ताकि यात्रियों को बेहतर यात्रा अनुभव मिल सके।
मोदीनगर रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास के तहत स्टेशन भवन का नवीनीकरण किया गया है। यात्रियों की सुविधा के लिए 12 मीटर चौड़ा फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) बनाया गया है। इसके अलावा नया पार्किंग क्षेत्र, सर्कुलेटिंग एरिया, आधुनिक प्रतीक्षालय तथा शौचालय ब्लॉक भी विकसित किए गए हैं। प्लेटफॉर्म शेल्टर और प्लेटफॉर्म की सतह को भी बेहतर बनाया गया है।
दिव्यांगजनों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखते हुए स्टेशन पर एंट्री रैंप, टैक्टाइल पाथवे, सुगम्य शौचालय, वाटर बूथ और आरक्षित पार्किंग जैसी व्यवस्थाएं की गई हैं। साथ ही यात्रियों की सुगमता के लिए दो आधुनिक लिफ्ट भी स्थापित की गई हैं, जिससे बुजुर्गों और दिव्यांग यात्रियों को विशेष लाभ मिलेगा।
स्टेशन भवन को आकर्षक बनाने के लिए फसाड लाइटिंग की व्यवस्था की गई है तथा परिसर में भूदृश्यीकरण (लैंडस्केपिंग) का कार्य भी कराया गया है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार इन विकास कार्यों से मोदीनगर रेलवे स्टेशन की सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार होगा और यात्रियों को आधुनिक एवं आरामदायक यात्रा अनुभव प्राप्त होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी