Enter your Email Address to subscribe to our newsletters


लखनऊ, 13 जुलाई (हि.स.)। केन्द्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गड़करी ने सोमवार को लखनऊ कानपुर एक्सप्रेसवे का लोकार्पण करने के बाद आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि हवा में उड़ने वाली बस लाने वाला हूँ। पानी में उतरने वाला हवाई जहाज भी मैं लाया था। उन्होंने कहा कि जो-जो बात मैं कहूंगा उसे पूरा करके दिखाउंगा। राजनीति में मैंने झूठा आश्वासन नहीं दिया है। हम इस देश के विकास के लिए कृतसंकल्प है।
नितिन गड़करी ने कहा कि उत्तर प्रदेश देश का ह्रदय है। अगर उत्तर प्रदेश समृद्ध होगा तो हिन्दुस्थान की भी तरक्की होगी। योगी के शासन से पहले उत्तर प्रदेश के विकास की गति बहुत धीमी थी। योगी ने गुंडा राज को समाप्त करके दिखाया। किसी भी देश व राज्य के विकास में इन्फ्रास्ट्रक्चर सबसे महत्वपूर्ण होता है। उत्तर प्रदेश में इन्फ्रास्ट्रकचर को प्राथमिकता मिली। आज बदलते उत्तर प्रदेश की तस्वीर सब लोग देख रहे हैं। मैं पहली बार जब योगी के साथ आया था तब कई घोषणाएं की थी। आने वाले दो साल में प्रदेश में पांच लाख करोड़ के काम होंगे।
नितिन गड़करी ने कहा कि लखनऊ में तीन मंजिला फ्लाईओवर का शिलान्यास दिसम्बर 2026 में होगा। उन्होंने कहा कि लखनऊ का यह फ्लाईओवर विश्व के आकर्षण का केन्द्र बनेगा। इसमें हम मास थेरेपी ट्रान्सपोर्ट सिस्टम तैयार करके दूंगा। जिसमें एक कोने से दूसरे 25 कोने कब पहुंचा यह पता नहीं चलेगा।
केन्द्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री ने कहा कि भारत दुनिया की तीसरी शक्ति बनेगी। भारत के महामार्ग अमेरिका के बराबर बनेंगे। हम एक के बाद एक ऐसे महामार्ग बना रहे हैं। बदलते उत्तर प्रदेश की तस्वीर उत्तर प्रदेश को सुखी समृद्ध संपन्न व शक्तिशाली राज्य बनायेगी। विकसित भारत में उत्तर प्रदेश की भूमिका महत्वपूर्ण रहेगी।
उन्होंने कहा कि विश्व स्तरीय तकनीक से बना यह लखनऊ कानपुर एक्सप्रेस-वे सुरक्षा और रफ्तार का बेजोड़ उदाहरण है। कानपुर से लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचने में मात्र 25 मिनट लगेंगे। गडकरी ने वादा किया कि आने वाले समय में उत्तर प्रदेश का रोड नेटवर्क दुनिया के सबसे विकसित देशों के समकक्ष खड़ा होगा। नितिन गड़करी ने कहा कि वाराणसी रोप वे इसी साल पूरा होगा। प्रयागराज रोपवे का काम जल्द शुरू होगा और वृन्दावन रोपवे का काम भी इसी साल शुरू किया जायेगा।
उद्घाटन समारोह के दौरान जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह एक्सप्रेस-वे केवल एक सड़क नहीं है, बल्कि यह उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था की नई लाइफलाइन है। उन्होंने जोर देकर कहा कि एक्सप्रेस-वे के दोनों ओर औद्योगिक गलियारे विकसित किए जा रहे हैं, जिससे उन्नाव के युवाओं को स्थानीय स्तर पर बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर मिलेंगे।
इस अवसर पर रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक, लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल, एमएलसी मुकेश शर्मा, कानपुर सांसद रमेश अवस्थी, साक्षी महाराज, श्रीकांत कटियार, पंकज गुप्ता, शकुन सिंह, बम्बालक दिवाकर, बृजेश रावत, अनुराग अवस्थी, आदि लोग उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन