Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

बलरामपुर, 13 जुलाई (हि.स.)।श्रावण मास में झारखंड के देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम जाने वाले हजारों कांवरियों की सेवा के लिए आज सोमवार रामानुजगंज में तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। बाबा बैद्यनाथ धाम कांवरिया सेवा समिति की बैठक में निर्णय लिया गया कि 27 जुलाई से 35 दिनों तक कांवर यात्रियों के लिए निःशुल्क भोजन, आवास और प्राथमिक चिकित्सा की व्यवस्था की जाएगी।
नगर पालिका अध्यक्ष एवं समिति के प्रमुख रमन अग्रवाल की अध्यक्षता में पंडित दीनदयाल मांगलिक भवन में आयोजित बैठक में बड़ी संख्या में शिवभक्त शामिल हुए। बैठक में सर्वसम्मति से तय किया गया कि 27 जुलाई की शाम से सेवा कार्य शुरू होगा। वार्ड क्रमांक-13 स्थित पंडित दीनदयाल मांगलिक भवन में करीब 35 दिनों तक 24 घंटे कांवरियों के लिए भोजन, ठहरने और प्राथमिक उपचार की सुविधा उपलब्ध रहेगी। सेवा व्यवस्था की नियमित समीक्षा के लिए प्रत्येक शनिवार शाम 5 बजे बैठक भी आयोजित की जाएगी।
रमन अग्रवाल ने कहा कि भगवान भोलेनाथ के भक्तों की सेवा करना पूरे नगर के लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने विश्वास जताया कि पिछले वर्षों की तरह इस बार भी नगरवासी तन, मन और धन से सेवा कार्य में जुटेंगे। उन्होंने कहा कि अल्प सूचना पर बड़ी संख्या में शिवभक्तों की उपस्थिति नगर की सेवा भावना और धार्मिक आस्था का प्रमाण है तथा इस अभियान से रामानुजगंज की पहचान और सम्मान में और वृद्धि होगी।
बैठक में सेवा कार्य के सुचारु संचालन के लिए विभिन्न जिम्मेदारियां भी तय की गईं। इस अवसर पर पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष आर.के. पटेल, पूर्व जिला संघचालक सुभाष जायसवाल, एस.पी. निगम, टी.आर. शर्मा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और शिवभक्त उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में सभी शिवभक्तों ने पूर्व वर्षों की तरह इस वर्ष भी बाबा बैद्यनाथ धाम जाने वाले प्रत्येक कांवरिया की पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ सेवा करने का संकल्प दोहराया। समिति ने नगरवासियों से भी इस सेवा महाअभियान में सहयोग करने की अपील की।
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय