Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

कोरबा, 13 जुलाई (हि. स.)। कोरबा कलेक्ट्रेट में सोमवार को आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में जिले के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से बड़ी संख्या में पहुंचे नागरिकों ने अपनी समस्याएं और मांगें प्रशासन के समक्ष रखीं। कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देशन में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) प्रतीक जैन ने आमजन की शिकायतों और आवेदनों की सुनवाई की तथा संबंधित अधिकारियों को सभी प्रकरणों का समयसीमा के भीतर पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम के दौरान नागरिकों ने प्रधानमंत्री आवास योजना, महतारी वंदन योजना, शौचालय निर्माण, सार्वजनिक वितरण प्रणाली (राशन), भूमि पर अवैध कब्जा, सीमांकन, नामांतरण, मानदेय शिक्षक भर्ती सहित विभिन्न राजस्व और विकास कार्यों से जुड़े आवेदन प्रस्तुत किए।
जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन ने प्रत्येक आवेदक की समस्याओं को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी आवेदनों का नियमानुसार परीक्षण कर पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराया जाए। साथ ही, जिन मामलों में तत्काल कार्रवाई आवश्यक है, उनमें बिना किसी अनावश्यक विलंब के प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समय पर पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसलिए प्रत्येक आवेदन का पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
जनदर्शन के दौरान प्राप्त सभी आवेदनों को संबंधित विभागों को कार्रवाई के लिए भेज दिया गया। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि प्रत्येक प्रकरण की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए निर्धारित समयसीमा में समाधान किया जाए।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर ओंकार यादव सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी भी मौजूद रहे और अपने-अपने विभागों से संबंधित मामलों पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी