Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

बलरामपुर, 13 जुलाई (हि.स.)। बलरामपुर जिले में किसानों को निर्धारित दर पर खाद उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन ने उर्वरक दुकानों के खिलाफ सख्ती शुरू कर दी है। आज सोमवार को कृषि विभाग और प्रशासन की संयुक्त टीम ने वाड्रफनगर और बलरामपुर क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए खाद बिक्री में अनियमितता पाए जाने पर पांच दुकानों के उर्वरक विक्रय पर तत्काल प्रतिबंध लगा दिया।
वहीं, एक दुकान को अधिक कीमत पर खाद बेचने के आरोप में कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। इसके अलावा एक दुकान का लाइसेंस निरस्त करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देश पर जिलेभर में उर्वरक दुकानों की लगातार निगरानी और जांच की जा रही है। इसी क्रम में विकासखंड वाड्रफनगर के ग्राम पंडरी स्थित सुरेन्द्र खाद भंडार के खिलाफ खाद बिक्री में अनियमितता की शिकायत मिलने पर संयुक्त टीम ने जांच की। जांच में शिकायत सही पाए जाने पर दुकान संचालक के विरुद्ध लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
वहीं, वाड्रफनगर स्थित जायसवाल फर्टिलाइजर्स की भी शिकायत के आधार पर जांच की गई। शिकायतकर्ता ने जांच दल को बताया कि निर्धारित मूल्य 532 रुपये की जगह उससे 600 रुपये वसूले गए। टीम ने मौके पर संबंधित बिलों की जांच की और शिकायतकर्ता तथा दुकान संचालक, दोनों के बयान दर्ज किए।
प्रथम दृष्टया शिकायत सही पाए जाने पर कृषि विभाग ने दुकान संचालक को मौके पर ही कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया। मामले की विस्तृत जांच के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय