Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

धमतरी, 13 जुलाई (हि.स.)। अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे से जुड़े कथित चोरी के मामले को लेकर सोमवार को धमतरी के मगरलोड में मगरलोड ब्लाॅक कांग्रेस कमेटी ने विरोध प्रदर्शन करते हुए सद्बुद्धि पदयात्रा निकाली। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर आयोजित इस प्रदर्शन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़क पर उतरकर मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि अयोध्या का राम मंदिर करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है और चढ़ावे से जुड़े किसी भी प्रकार के कथित अनियमितता के आरोपों की निष्पक्ष जांच होना आवश्यक है, ताकि श्रद्धालुओं का विश्वास बना रहे। वक्ताओं ने कहा कि धार्मिक आस्था के नाम पर एकत्रित किए गए चंदे में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी अत्यंत निंदनीय है और यदि जांच में दोषी पाए जाते हैं तो उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि इस घटना से करोड़ों श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत हुई हैं और पूरे मामले की सच्चाई सामने आनी चाहिए।
प्रदर्शन में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विनीत बाफना, पिछड़ा वर्ग जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष लकेश्वर साहू, जिला महामंत्री स्मिता सिंह, जिला सचिव रेखा साहू, जिला महामंत्री डीहूराम, राजेंद्र साहू, जिला उपाध्यक्ष हेमंत देवांगन, रवि कुमार निर्वाण, नगर पंचायत मगरलोड अध्यक्ष प्रतिनिधि सुरेश साहू, भूपेश सिन्हा, डाकवर साहू, डा राजेंद्र साहू, नेहरू साहू, झालूराम, गुलाब साहू, दिलीप सोनी, गणेश साहू, आशीष सिंह, सानू देवांगन, यक्ष कुमार, छोटू साहू, सुखीराम कुर्रे, रामजी मरकाम, सुरेश साहू, रेखनारायण साहू, जगमोहन साहू, बाल गोविंद, रोशन कुमार सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा