Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

धमतरी, 13 जुलाई (हि.स.)। नगर पालिक निगम धमतरी के सभागार में सोमवार को आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में आठ मनोनीत पार्षदों (एल्डरमैन) ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने सभी एल्डरमैन को शपथ दिलाई।
इस समारोह में नगर निगम के महापौर रामू रोहरा, स्पीकर कौशल्या देवांगन, आयुक्त अरुण वर्मा, उपायुक्त पीसी सार्वा, एमआईसी सदस्य, वार्ड पार्षद सहित निगम के अधिकारी उपस्थित थे। शपथ ग्रहण समारोह में एल्डरमैन अशोक सिन्हा, प्राची सोनी, रितिका यादव, अरविंदर मुंडी, सीमा चौबे, दिलीप पटेल, विजय सिंह ठाकुर एवं भागवत यादव ने बारी-बारी से सत्यनिष्ठा की शपथ ली।
इस अवसर पर महापौर रामू रोहरा ने नवनियुक्त एल्डरमैनों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नगर निगम की कार्यप्रणाली में उनकी सहभागिता से जनहित के मुद्दों को और मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि शहर के विकास, मूलभूत सुविधाओं के विस्तार और नागरिकों की अपेक्षाओं के अनुरूप कार्यों को गति देने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। महापौर ने सभी से आपसी समन्वय, जिम्मेदारी और जनसेवा की भावना के साथ कार्य करते हुए धमतरी के सर्वांगीण विकास में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। इस दौरान विजय मोटवानी, निलेश लूनिया, नरेंद्र रोहरा, अखिलेश सोनकर, ईश्वर लाल सोनकर सहित अन्य पार्षद एवं शहरवासी उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा