Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

सूरजपुर, 13 जुलाई (हि.स.)। सूरजपुर जिले की शासकीय स्कूलों में अध्ययनरत विद्यार्थियों के लंबित आधार बायोमेट्रिक अपडेट को पूरा करने के लिए आज सोमवार काे मिशन मोड में विशेष अभियान शुरू करने का निर्णय लिया गया। कलेक्टर कार्यालय के ई-गवर्नेंस एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग (डीईजीएस) की पहल पर जिलेभर में संकुलवार आधार बायोमेट्रिक अपडेट शिविर आयोजित किए जाएंगे।
इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी और सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
अभियान के तहत विद्यार्थियों का बायोमेट्रिक डेटा यूआईडीएआई में अपडेट किया जाएगा और इसकी प्रविष्टि यू-डाइस पोर्टल पर की जाएगी। पहले चरण में सूरजपुर, भैयाथान, ओड़गी, प्रतापपुर, प्रेमनगर और रामानुजनगर विकासखंड की 22 शालाओं को चिन्हित किया गया है, जहां आधार ऑपरेटरों की तैनाती कर छात्र-छात्राओं का अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट कराया जाएगा।
जानकारी के अनुसार इन स्कूलों में 3 हजार से अधिक विद्यार्थियों का आधार बायोमेट्रिक अपडेट लंबित है। इनमें 5 से 15 वर्ष तथा 15 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के विद्यार्थी शामिल हैं। सभी प्राचार्यों और प्रधानपाठकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे यू-डाइस पोर्टल की सूची के अनुसार विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करें तथा शिविर की जानकारी अभिभावकों तक समय रहते पहुंचाएं।
इन शिविरों में विद्यार्थियों के आधार बायोमेट्रिक अपडेट के साथ-साथ महिला एवं बाल विकास विभाग के तहत 0 से 6 वर्ष तक के बच्चों का नया आधार पंजीयन और स्वास्थ्य विभाग के माध्यम से आयुष्मान कार्ड के लिए आधार ई-केवाईसी की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। इससे नागरिकों को एक ही स्थान पर कई आधार संबंधी सेवाओं का लाभ मिल सकेगा।
दूसरे चरण में जिले के शेष विद्यालयों में भी शिविर आयोजित कर लंबित बायोमेट्रिक अपडेट का लक्ष्य पूरा किया जाएगा। शिविर प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक संचालित होंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय