Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

-कई यात्री गाडिय़ां प्रभावित, बिजली आपूर्ति हुई बाधित
चंडीगढ़, 08 जून (हि.स.)। कुरुक्षेत्र में सोमवार को एक मालगाड़ी के तीन डिब्बे पटरी से उतर गए। जिसके चलते कुछ समय के लिए रेल यातायात प्रभावित हुआ तथा बिजली आपूर्ति कई घंटे तक बाधित हुई। हादसे में किसी प्रकार का जानी नुकसान नहीं हुआ है। जिस समय यह हादसा हुआ उस समय मुख्यमंत्री नायब सैनी कुरुक्षेत्र रेलवे स्टेशन पर सोमनाथ स्वाभिमान यात्रा के लिए विशेष ट्रेन रवाना करने वाले थे।रेलवे सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त मालगाड़ी अपनी यात्रा के दौरान कुरुक्षेत्र रेलवे स्टेशन से होते हुए 'सोलू माजरा' नामक स्थान पर जा रही थी, जहाँ अडाणी समूह के आधुनिक अनाज भंडारण गोदाम (साइलो) स्थित हैं। यह स्थान कैथल शहर की ओर पड़ता है।दोपहर 12 बजे उसके शुरुआती चार डिब्बों में से तीन डिब्बे पटरी से उतर गए। डीरेलमेंट के कारण डिब्बों के पहियों को भारी नुकसान पहुंचा। कई पहिए पटरी छोडक़र जमीन में धंस गए, जबकि एक पहिया रेलवे लाइन के किनारे लगे बिजली के खंभे से टकरा गया। डिब्बों की टक्कर से बिजली का खंभा झुक गया, जिससे उस ट्रैक की सप्लाई बाधित हो गई। कई अन्य खंभे भी डिब्बों की चपेट में आ गए। इसके बाद रेलवे ने रेस्क्यू टीम को मौके पर बुलाकर ट्रैक बहाली का काम शुरू कराया गया।
हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारियों में अफरा-तफरी मच गई, क्योंकि उसी समय मुख्यमंत्री को भी यहां पहुंचना था। डीरेलमेंट के कारण कई महत्वपूर्ण ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ। कुरुक्षेत्र-दिल्ली पैसेंजर ट्रेन करनाल स्टेशन पर खड़ी रही। अमृतसर से मुंबई जाने वाली पश्चिम एक्सप्रेस और मुंबई से अमृतसर आने वाली पश्चिम एक्सप्रेस करीब डेढ़ घंटे देरी से चलीं। वहीं, पठानकोट-दिल्ली ट्रेन भी लगभग एक घंटे लेट हो गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा