Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

कूचबिहार, 08 जून (हि. स.)। जिले के तूफानगंज एक नंबर ब्लॉक में तृणमूल कांग्रेस से जुड़े दो पंचायत प्रधानों ने अचानक अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। इस्तीफा देने वालों में अंडोरान-फुलबाड़ी एक पंचायत की प्रधान शुक्ला सरकार अधिकारी और बालाभूत पंचायत के प्रधान आबतार अली व्यापारी शामिल है।
बताया गया है कि दोनों प्रधानों ने सोमवार को तूफानगंज के ब्लॉक विकास अधिकारी (बीडीओ) कार्यालय पहुंचकर अपने-अपने इस्तीफे सौंपे। उन्होंने इस्तीफे के पीछे पारिवारिक कारण और व्यक्तिगत इच्छा को वजह बताया है।
एक ही दिन दो पंचायत प्रधानों के इस अचानक इस्तीफे से जिले की राजनीति में हलचल मच गई है। हालांकि, पार्टी की ओर से इसे पूरी तरह उनका व्यक्तिगत निर्णय बताया जा रहा है, लेकिन राजनीतिक गलियारों में इस घटनाक्रम को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार