ट्राई ने मेघालय और पंजाब में जांची मोबाइल नेटवर्क की गुणवत्ता
नई दिल्ली, 08 जून (हि.स.)। भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (ट्राई) ने मार्च में मेघालय और अप्रैल में पंजाब में मोबाइल नेटवर्क की गुणवत्ता की जांच की। मेघालय के ईस्ट और वेस्ट जयंतिया हिल्स जिलों तथा एनएच‑6 पर रथा चेरे खसिया पुंजी से जोवाई तक और पंज
ट्राई


नई दिल्ली, 08 जून (हि.स.)। भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (ट्राई) ने मार्च में मेघालय और अप्रैल में पंजाब में मोबाइल नेटवर्क की गुणवत्ता की जांच की। मेघालय के ईस्ट और वेस्ट जयंतिया हिल्स जिलों तथा एनएच‑6 पर रथा चेरे खसिया पुंजी से जोवाई तक और पंजाब के चंडीगढ़, मोहाली और पंचकूला शहरी क्षेत्र में की गई जांच में जियो और एयरटेल ने औसतन सबसे तेज डाउनलोड स्पीड दर्ज की, जबकि बीएसएनएल और वोडाफोन‑आइडिया में कवरेज गैप और कॉल ड्रॉप की समस्या अधिक रही।

ट्राई के अनुसार मेघालय मार्च महीने में 213 किलोमीटर सिटी ड्राइव और 98.9 किलोमीटर हाईवे ड्राइव के दौरान नेटवर्क की स्थिति का परीक्षण किया गया। यहां कवरेज गैप और कॉल ड्रॉप की समस्या प्रमुख रही। हाईवे ड्राइव में वोडाफोन‑आइडिया के 12,887 सैंपल में से 4,946 में सिग्नल कमजोर पाया गया, जबकि बीएसएनएल के 8,972 सैंपल में से 2,719 में कवरेज की कमी रही। औसत डाउनलोड स्पीड एयरटेल की 72.24 से 88.50 एमबीपीएस, जियो की 97.89 से 122.77 एमबीपीएस, बीएसएनएल की 9.54 से 4.37 एमबीपीएस और वोडाफोन‑आइडिया की 25.45 से 23.35 एमबीपीएस रही। अपलोड स्पीड में एयरटेल ने 14.50 से 20.22 एमबीपीएस और जियो ने 6.21 से 5.64 एमबीपीएस दर्ज की, जबकि बीएसएनएल और वोडाफोन‑आइडिया का प्रदर्शन अपेक्षाकृत कमजोर रहा। कॉल ड्रॉप दर में बीएसएनएल और वोडाफोन‑आइडिया सबसे पीछे रहे, जहां क्रमशः 34 और 30 कॉल ड्रॉप दर्ज हुईं।

पंजाब में अप्रैल के दौरान 453.2 किलोमीटर सिटी ड्राइव, 15 हॉटस्पॉट और 1.5 किलोमीटर वॉक टेस्ट किया गया। इसमें एयरटेल और जियो ने क्रमशः 169.66 एमबीपीएस और 203.16 एमबीपीएस औसत डाउनलोड स्पीड दर्ज की। वोडाफोन‑आइडिया की स्पीड 48.27 एमबीपीएस और बीएसएनएल की मात्र 11 एमबीपीएस रही। अपलोड स्पीड में एयरटेल 23.28 एमबीपीएस, जियो 23.85 एमबीपीएस, वोडाफोन‑आइडिया 17.97 एमबीपीएस और बीएसएनएल 4.96 एमबीपीएस पर रहा। कॉल ड्रॉप दर में एयरटेल का प्रदर्शन सबसे बेहतर रहा, जहां एक भी कॉल ड्रॉप दर्ज नहीं हुई, जबकि बीएसएनएल में 24 कॉल ड्रॉप दर्ज की गईं। कॉल साइलेंस इंस्टेंस में भी एयरटेल और जियो का प्रदर्शन अपेक्षाकृत बेहतर रहा।

मेघालय में एयरटेल में सिटी ड्राइव के दौरान 27 बार और हाईवे ड्राइव में 8 बार कॉल साइलेंस (कॉल के दौरान आवाज चली जाना) दर्ज हुआ। जियो में क्रमशः 18 और 6 बार, जबकि बीएसएनएल में 10 और 9 बार तथा वोडाफोन‑आइडिया में 3 और 2 बार कॉल साइलेंस इंस्टेंस पाए गए। अपलोड स्पीड में एयरटेल ने शहरों में 14.50 एमबीपीएस और हाईवे में 20.22 एमबीपीएस की स्पीड दर्ज की। जियो की अपलोड स्पीड क्रमशः 6.21 और 5.64 एमबीपीएस रही। बीएसएनएल की अपलोड स्पीड 3.85 से 2.31 एमबीपीएस और वोडाफोन‑आइडिया की 4.81 से 5.12 एमबीपीएस रही।

पंजाब की जांच में एयरटेल में 7, जियो में 9, बीएसएनएल में 16 और वोडाफोन‑आइडिया में 3 बार कॉल साइलेंस दर्ज हुए। अपलोड स्पीड में एयरटेल 23.28 एमबीपीएस, जियो 23.85 एमबीपीएस, वोडाफोन‑आइडिया 17.97 एमबीपीएस और बीएसएनएल मात्र 4.96 एमबीपीएस पर रहा। कवरेज गैप में एयरटेल के 63,149 सैंपल में से केवल 97 में कमजोर सिग्नल दर्ज हुआ, जबकि बीएसएनएल के 61,140 सैंपल में से 7,755 में कवरेज की कमी रही। जियो और वोडाफोन‑आइडिया में क्रमशः 356 और 382 सैंपल कमजोर पाए गए।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर