Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

पश्चिम बर्दवान, 08 जून (हि. स.)। राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद अवैध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। प्रशासन की नजरों से बचकर बिना सरकारी अनुमति के चल रही अवैध पत्थर खदानों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सालानपुर थाना के रूपनारायणपुर फाड़ी पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान रंजीत सिंह, विषम राय, मधुसूदन मंडल और राकेश कुमार सिंह उर्फ योगिंदर सिंह के रूप में हुई है। सभी आरोपित सालानपुर ब्लॉक के निवासी बताए जा रहे हैं। गिरफ्तार आरोपितों को सोमवार को आसनसोल अदालत में पेश किया गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर रविवार को रूपनारायणपुर चौकी की पुलिस ने सालानपुर ब्लॉक के विभिन्न इलाकों में अचानक छापेमारी की। इस दौरान चार लोगों को गिरफ्तार किया गया। इस मामले का एक अन्य प्रमुख आरोपी मिहिर घोष अभी भी फरार है। उसकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, आरोपितों के जामतपुर-उत्तरामपुर पंचायत क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में अवैध पत्थर खदानें संचालित होने की जानकारी मिली है। आरोप है कि बिना किसी सरकारी अनुमति और नियमों का पालन किए इन खदानों का संचालन किया जा रहा था। इससे सरकार को राजस्व का नुकसान होने के साथ-साथ पर्यावरण पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा था, जिसे लेकर स्थानीय स्तर पर लंबे समय से सवाल उठ रहे थे।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मामले की गहराई से जांच करने और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने के लिए गिरफ्तार आरोपितों को सात दिन की पुलिस हिरासत में लेने की मांग अदालत में की जाएगी।
सूत्रों का यह भी कहना है कि इस मामले में पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत तीन अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं। पूरे प्रकरण की जांच जारी है और फरार आरोपित की गिरफ्तारी के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा