डीआरएम कप पर एमआईसी बी का कब्जा
-प्रांजल बेस्ट बैटर, यूसुफ बेस्ट बॉलर, अक्षित मैन ऑफ द टूर्नामेंट प्रयागराज, 08 जून (हि.स)। मजीदिया इस्लामिया इंटर कॉलेज (एमआईसी) बी ने ईश्वर शरण क्लब को चार विकेट से हराकर डीआरएम कप अंडर-14 कलर ड्रेस क्रिकेट प्रतियोगिता के खिताब पर कब्जा जमा लिया
विजेता टीम


-प्रांजल बेस्ट बैटर, यूसुफ बेस्ट बॉलर, अक्षित मैन ऑफ द टूर्नामेंट

प्रयागराज, 08 जून (हि.स)। मजीदिया इस्लामिया इंटर कॉलेज (एमआईसी) बी ने ईश्वर शरण क्लब को चार विकेट से हराकर डीआरएम कप अंडर-14 कलर ड्रेस क्रिकेट प्रतियोगिता के खिताब पर कब्जा जमा लिया।

डीएसए मैदान पर रविवार रात खेले गए मैच में ईश्वर शरण क्लब ने 21 ओवर में 5 विकेट पर 91 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी एमआईसी बी ने एक समय 4.5 ओवर में अपने शुरुआती 5 विकेट 12 रन पर खो दिए थे उसके बाद टीम में 18.1 ओवर में 6 विकेट पर 93 रन बना लिए। अंश यादव और मोहम्मद शायान ने सातवें विकेट की अविजित साझेदारी में 58 रन जोड़े।

मैच के बाद मुख्य अतिथि मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल ने खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरित किए, अंश यादव को मैन ऑफ द मैच, प्रांजल सिंह को बेस्ट बैटर, मोहम्मद यूसुफ को बेस्ट बॉलर और अक्षित रावत को मैन ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया।

मंडल खेलकूद अधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह ने स्मृति चिन्ह देकर मुख्य अतिथि का स्वागत किया। मंडल खेलकूद सचिव धर्मेंद्र निषाद ने धन्यवाद ज्ञापित एवं क्रिकेट कोच जावेद अहमद ने कार्यक्रम का संचालन किया। इस मौके पर एमआईसी के प्रधानाचार्य अब्दुल रहमान खान, अकील अब्बास रिजवी, राकेश मिश्रा, विवेक सिंह, सुरेश शर्मा, नितिन सिब्बल, अनूप सिंह, मोहम्मद आरिफ, जुल नूरैन, धीरज अवस्थी, खुर्शीद अहमद, अनस अहमद आदि मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र