खूंटी-सिमडेगा मार्ग पर अज्ञात वाहन की चपेट में आने से व्यक्ति की मौत, पहचान नहीं हुई
खूंटी, 08 जून (हि.स.)। खूंटी जिले के मुरहू थाना क्षेत्र में सोमवार को सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। घटना खूंटी-सिमडेगा मुख्य मार्ग पर बिचना पेट्रोल पंप के समीप हुई, जहां किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आने से व्यक्ति ने मौके पर ही दम तोड़ दि
प्रतीकात्मक तस्वीर


खूंटी, 08 जून (हि.स.)। खूंटी जिले के मुरहू थाना क्षेत्र में सोमवार को सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। घटना खूंटी-सिमडेगा मुख्य मार्ग पर बिचना पेट्रोल पंप के समीप हुई, जहां किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आने से व्यक्ति ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, मृतक पिछले दो दिनों से बिचना और आसपास के क्षेत्रों में घूमता देखा जा रहा था। लोगों का कहना है कि उसकी मानसिक स्थिति सामान्य नहीं लग रही थी और वह मानसिक रूप से अस्वस्थ प्रतीत हो रहा था। हालांकि, उसकी वास्तविक पहचान और पृष्ठभूमि के बारे में किसी को जानकारी नहीं है।

सोमवार सुबह जब ग्रामीणों ने सड़क किनारे एक व्यक्ति का शव पड़ा देखा और तत्काल मुरहू थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि व्यक्ति किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौत हो गई। हालांकि, दुर्घटना किस वाहन से हुई और हादसे की परिस्थितियां क्या थीं, इसका पता लगाने के लिए पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।

पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। साथ ही मृतक की पहचान सुनिश्चित करने के लिए आसपास के थाना क्षेत्रों और पुलिस नेटवर्क के माध्यम से जानकारी जुटाई जा रही है।

मुरहू थाना पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मिश्रा