Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

खूंटी, 08 जून (हि.स.)। खूंटी पुलिस ने रनिया थाना क्षेत्र के तांबा गांव के समीप छापेमारी कर 2.328 किलोग्राम अफीम के साथ चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों के पास से तीन टचस्क्रीन मोबाइल फोन और दो मोटरसाइकिल भी बरामद की गई हैं। मामले में एनडीपीएस थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने सोमवार को अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि रनिया थाना क्षेत्र के तांबा गांव के पास कुछ लोग अफीम की खरीद-बिक्री के उद्देश्य से एकत्रित हुए हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए उसके सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए तोरपा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।
पुलिस टीम जब तांबा गांव के समीप पहुंची तो वहां दो मोटरसाइकिलों के साथ चार व्यक्ति खड़े दिखाई दिए। पुलिस वाहन को देखते ही सभी संदिग्ध भागने लगे। हालांकि, सतर्क पुलिसकर्मियों ने तत्काल उनका पीछा किया और चारों को घेराबंदी कर पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उनकी तलाशी ली गई, जिसमें उनके पास से अफीम बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान नाथ लोमगा (50), बिरसा बरजो (31), सुपाय कन्डायबुरु (43) और गांदू बरजो उर्फ संदीप बरजो (29) के रूप में हुई है। सभी पश्चिमी सिंहभूम जिले के सेरेंगदा थाना क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
तलाशी के दौरान आरोपितों के पास से कुल 2.328 किलोग्राम अफीम, तीन टचस्क्रीन मोबाइल फोन तथा दो मोटरसाइकिल जब्त की गईं। बरामद अफीम की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है। पुलिस ने जब्त सामग्री को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपितों ने स्वीकार किया कि अफीम की खेती पश्चिमी सिंहभूम जिले के विभिन्न क्षेत्रों में की गई थी। वे तैयार अफीम को खूंटी और रांची के कारोबारियों तक पहुंचाकर उससे मुनाफा कमाने का काम करते थे। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। अफीम की खेती, तस्करी और कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
छापेमारी दल में तोरपा के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विजय कुमार सिंह, एनडीपीएस थाना के एसआई मणिदीप, रामदेव यादव, मनोज कच्छप तथा पुलिस बल के अन्य जवान शामिल थे।---------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मिश्रा