एकलव्य विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और शत-प्रतिशत नामांकन पर जोर
खूंटी, 08 जून (हि.स.)। उपायुक्त मो जावेद हुसैन की अध्यक्षता में सोमवार को समाहरणालय सभागार में जिले में संचालित एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों की प्रबंधन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विद्यालयों की शैक्षणिक व्यवस्था, आधारभूत सुविधाओं, विद्
बैठक


खूंटी, 08 जून (हि.स.)। उपायुक्त मो जावेद हुसैन की अध्यक्षता में सोमवार को समाहरणालय सभागार में जिले में संचालित एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों की प्रबंधन समिति की बैठक आयोजित की गई।

बैठक में विद्यालयों की शैक्षणिक व्यवस्था, आधारभूत सुविधाओं, विद्यार्थियों के स्वास्थ्य, खेलकूद गतिविधियों और नामांकन प्रक्रिया की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान उपायुक्त ने खूंटी, मुरहू, कर्रा और तोरपा स्थित एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों में पठन-पाठन की स्थिति, शिक्षकों की उपलब्धयता और विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

उपायुक्त ने विद्यालय परिसरों में उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं, छात्रावास व्यवस्था, खेल मैदान, पेयजल, स्वच्छता और अन्य आवश्यक संसाधनों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को कमियों को जल्द दूर करने और सुविधाओं को और सुदृढ़ करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।

बैठक में विद्यार्थियों के स्वास्थ्य संबंधी मुद्दों पर भी चर्चा हुई। उपायुक्त ने नियमित स्वास्थ्य जांच, आवश्यकता अनुसार चिकित्सकों की प्रतिनियुक्ति और विद्यार्थियों को समय पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही विद्यालयों में आवश्यकतानुसार आउटसोर्सिंग के माध्यम से मानव संसाधन उपलब्ध कराने के प्रस्ताव पर भी विचार-विमर्श किया गया।

उपायुक्त ने छात्र-छात्राओं को उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की गुणवत्ता और मेन्यू की समीक्षा करते हुए पोषण मानकों के अनुरूप भोजन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने प्रवेश परीक्षा, आवेदन प्रक्रिया और अन्य आवश्यक जानकारियों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर जोर देते हुए कहा कि पात्र विद्यार्थियों तक सभी सूचनाएं समय पर पहुंचनी चाहिए, ताकि कोई भी योग्य छात्र जानकारी के अभाव में वंचित न रह जाए।

विद्यालयों में उपलब्ध सीटों और वर्तमान नामांकन की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने सभी रिक्त सीटों पर शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बैठक में जिला कल्याण पदाधिकारी, सिविल सर्जन, जिला शिक्षा पदाधिकारी, भवन प्रमंडल के सहायक अभियंता, विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, शिक्षक सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मिश्रा