Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

पूर्वी सिंहभूम, 08 जून (हि.स.)। पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने उलीडीह ओपी क्षेत्र में की गई छापेमारी के दौरान एक युवक को 38 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद नशीले पदार्थ का कुल वजन 3.71 ग्राम बताया गया है। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
उलीडीह ओपी प्रभारी मो. शारिक अली ने सोमवार को बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि सिद्धो-कान्हू आवासीय विद्यालय के पीछे स्थित खाली मैदान में कुछ युवक मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री के उद्देश्य से एकत्रित हुए हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पटमदा के पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) दयानंद कुमार के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।
सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने निर्धारित स्थल पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही वहां मौजूद युवकों में अफरा-तफरी मच गई और कई लोग मौके से फरार हो गए। हालांकि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक को पकड़ने में सफलता हासिल की।
पूछताछ के दौरान गिरफ्तार युवक की पहचान सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली थाना क्षेत्र अंतर्गत तामोलिया निवासी संदीप कुमार पाण्डेय (26) के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उसके पास से 38 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की गई। इसके अलावा उसके पास से एक पर्स भी जब्त किया गया, जिसमें पहचान पत्र सहित अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज मिले हैं।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपित ने स्वीकार किया कि वह कपाली क्षेत्र से ब्राउन शुगर लाकर उलीडीह इलाके में बेचने की तैयारी कर रहा था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वह किस नेटवर्क के माध्यम से नशीले पदार्थों की खरीद और आपूर्ति करता था तथा इस कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपित के खिलाफ उलीडीह ओपी में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। साथ ही फरार अन्य संदिग्धों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इस छापेमारी अभियान में पटमदा डीएसपी दयानंद कुमार, उलीडीह ओपी प्रभारी मो. शारिक अली, एसआई रविन्द्र पाण्डेय, एसआई अभिषेक कुमार, एसआई विजय कुमार, एएसआई अखिलेश प्रसाद तथा रिजर्व गार्ड के जवान शामिल थे।----------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक