Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

धमतरी, 07 जून (हि.स.)।
श्यामतराई स्थित कृषि उपज मंडी में धान का उठाव नहीं होने से हजारों बोरा धान मंडी परिसर में जाम हो गया है। अव्यवस्था के कारण धान बिक्री करने पहुंच रहे किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। किसानों ने जल्द से जल्द धान का उठाव कर व्यवस्था सुधारने की मांग की है।
प्रदेश की प्रमुख कृषि मंडियों में शामिल श्यामतराई मंडी में धमतरी जिले के अलावा आसपास के जिलों के किसान भी अपनी उपज बेचने पहुंचते हैं। इन दिनों रबी सीजन के तहत किसानों द्वारा धान की बिक्री की जा रही है, लेकिन मंडी में पहले से पड़े हजारों बोरा धान के कारण स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। किसानों बैसाखूराम साहू, कोमल साहू, उमेश साहू सहित अन्य किसानों ने बताया कि मंडी के एक शेड में बिक्री हो चुका हजारों बोरा धान व्यापारी द्वारा उठाव नहीं किए जाने के कारण लंबे समय से पड़ा हुआ है। वहीं दूसरे शेड में भी बड़ी मात्रा में धान के बोरे जमा हैं, जिससे नए किसानों को अपनी उपज रखने के लिए पर्याप्त स्थान नहीं मिल पा रहा है।
किसानों का कहना है कि मंडी में जगह की कमी के चलते उन्हें घंटों इंतजार करना पड़ रहा है और धान बिक्री की प्रक्रिया भी प्रभावित हो रही है। दूसरी ओर धान के बाजार भाव में लगातार उतार-चढ़ाव किसानों की चिंता बढ़ा रहा है। किसान पवन निषाद, पंकज देवांगन और त्रिलोक साहू ने बताया कि आईआर-64 धान का भाव 1850 रुपये प्रति क्विंटल था, जो अगले ही दिन घटकर 1810 रुपये रह गया। कीमतों में इस गिरावट से किसानों को आर्थिक नुकसान की आशंका सताने लगी है। कई किसान वर्तमान दर को संतोषजनक नहीं मान रहे हैं और बेहतर मूल्य मिलने की उम्मीद में अपनी उपज रोककर रखने का मन बना रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि श्यामतराई कृषि उपज मंडी में धमतरी जिले के साथ-साथ पड़ोसी बालोद जिले से भी बड़ी मात्रा में धान बिक्री के लिए पहुंचता है। ऐसे में समय पर धान का उठाव नहीं होने से मंडी की व्यवस्था प्रभावित हो रही है और किसानों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। किसानों ने संबंधित अधिकारियों से तत्काल हस्तक्षेप कर धान उठाव की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा मंडी में सुचारू संचालन बहाल करने की मांग की है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा