Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

धमतरी, 13 जून (हि.स.)। जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और विक्रय पर अंकुश लगाने चलाए जा रहे अभियान के तहत मगरलोड पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। ग्राम बोदल बाहरा स्थित घाट मंदिर के पास वाहन चेकिंग के दौरान मोटरसाइकिल
से अवैध रूप से कच्ची महुआ शराब का परिवहन कर रहे दो आरोपितों को गिरफ्तार
किया गया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं एसडीओपी कुरूद के मार्गदर्शन में की गई कार्रवाई के दौरान ग्राम बोदल बाहरा स्थित घाट मंदिर के पास वाहन चेकिंग के दौरान मोटरसाइकिल से अवैध रूप से कच्ची महुआ शराब का परिवहन कर रहे दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। मुखबिर की सूचना पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने डीहूराम लहरे और पकेश्वर लहरे, दोनों निवासी ग्राम जामली, थाना मगरलोड को पकड़ा। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से दो अलग-अलग प्लास्टिक जरीकेनों में कुल 20 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत चार हजार रुपये आंकी गई है।
वहीं शराब परिवहन में प्रयुक्त पैशन प्रो मोटरसाइकिल जिसकी कीमत लगभग 18 हजार रुपये है, को भी जब्त किया गया। इस प्रकार कुल 22 हजार रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त की गई। पुलिस ने दोनों आरोपितों के विरुद्ध थाना मगरलोड में अपराध क्रमांक 102/26 के तहत आबकारी अधिनियम के अंतर्गत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की तथा न्यायालय में पेश करने के बाद शनिवार काे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। मगरलोड पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब कारोबार के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और इस तरह के अवैध कार्यों में संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा