Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

अंबिकापुर, 07 जून (हि.स.)। सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया द्वारा देशव्यापी अभियान के तहत लखनपुर में 'मेगा कृषि ऋण आउटरीच कैंप' का भव्य आयोजन किया गया। इस विशेष शिविर में सरगुजा जिले की सभी 13 शाखाओं ने सक्रिय भागीदारी निभाते हुए कृषि और इससे जुड़े विभिन्न क्षेत्रों के लिए कुल 8.00 करोड़ रुपये की ऋण राशि स्वीकृत और वितरित की। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के किसानों, उद्यमियों और जरूरतमंदों तक समय पर और बेहद सुलभ तरीके से वित्तीय सहायता पहुँचाना है।
कैंप के दौरान बैंक ने 30 से अधिक लाभार्थियों को उनकी आवश्यकता के अनुसार ऋण सुविधाएं प्रदान कीं। इनमें किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी), स्वयं सहायता समूह (एसएचजी), राइस मिल और आपातकालीन ऋण गारंटी योजना (ECLGS 5.0) के तहत दिए गए ऋण विशेष रूप से शामिल हैं। इस अवसर पर बैंक के क्षेत्रीय प्रमुख राजेश कुमार ने उपस्थित ग्रामीणों और उद्यमियों को कृषि ऋण से जुड़ी विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने गव्य विकास, मत्स्य पालन, पशुपालन, मुर्गी पालन, फूड प्रोसेसिंग और पीएमएफएमई (PMFME) योजना के तहत मिलने वाले वित्तीय लाभों पर भी प्रकाश डाला।
योजनाओं की तकनीकी बारीकियों को साझा करते हुए क्षेत्रीय प्रमुख ने बताया कि केंद्र सरकार ने आपातकालीन ऋण गारंटी योजना (ECLGS) 5.0 को मंजूरी दे दी है। इस योजना के तहत बैंक अपने मानक (स्टैंडर्ड) खाताधारक ग्राहकों को वित्तीय वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही के दौरान उपयोग की गई अधिकतम कार्यशील पूंजी का 20 प्रतिशत तक अतिरिक्त ऋण दे सकता है। प्रति उधारकर्ता के लिए इसकी अधिकतम सीमा 100 करोड़ रुपये तय की गई है। यह योजना शत-प्रतिशत ऋण गारंटी कवर के साथ आती है, जिसका उद्देश्य बाजार में अतिरिक्त ऋण प्रवाह सुनिश्चित करना और स्थानीय उद्यमों की नकदी (तरलता) संबंधी समस्याओं को दूर करना है।
जिला अग्रणी प्रबंधक पूनम सिंह ने बैंक की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए कहा कि सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया किसानों, ग्रामीण उद्यमियों और लघु व्यवसायियों को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर काम कर रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के लिए ऐसे विशेष ऋण अभियानों का आयोजन जारी रहेगा। इस महत्वपूर्ण बैठक में सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के उप महाप्रबंधक, क्षेत्रीय प्रमुख सहित उदयपुर के एसडीएम, लखनपुर के सीएमओ, डीपीएम (एनआरएलएम) और बैंक की विभिन्न शाखाओं के प्रबंधक विशेष रूप से उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह