Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

हुगली, 05 जून (हि. स.)। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर रिषड़ा थाना की ओर से थाना परिसर सहित थाना क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पर्यावरण संतुलन बनाए रखने और लोगों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया गया।
रिषड़ा थाना प्रभारी ने बताया कि पर्यावरण दिवस के मौके पर बड़ी संख्या में पौधे लगाए गए। साथ ही स्थानीय निवासियों के बीच पौधों का वितरण भी किया गया, ताकि पर्यावरण की सुरक्षा, संरक्षण और पुनर्स्थापन के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाई जा सके।
उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी एजेंसियों की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी आवश्यक है। पौधारोपण और हरित वातावरण के प्रति जागरूकता ही आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर और सुरक्षित पर्यावरण सुनिश्चित कर सकती है।
कार्यक्रम में पुलिसकर्मियों के साथ स्थानीय नागरिकों ने भी सक्रिय रूप से भाग लिया और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय