Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

सिद्धार्थनगर, 05 जून (हि.स.)। जनपद सिद्धार्थनगर के ग्राम मधवापुर के पास मत्स्य मंडी का निर्माणाधीन गेट गिरने से एक मजदूर की मौत होने तथा चार लोगों के घायल होने की घटना की जांच रिपाेर्ट प्रशासन काे मिल गयी है। जिलाधिकारी शिवशनरप्पा जी एन ने शुक्रवार को जांच रिपाेर्ट पर मामले में कड़ा रुख अपनाते हुए अवर अभियंता एवं सहायक अभियंता तथा उप निदेशक मंडी परिषद(निर्माण) बस्ती के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने व ठेकेदार को काली सूची में शामिल करने की कार्यवाही की संस्तुति मंडी परिषद/शासन को प्रेषित कर दिया है।
जिलाधिकारी शिवशनरप्पा जी एन ने बताया कि जनपद के शोहरतगढ़ तहसील क्षेत्र के ग्राम मधवापुर के पास मत्स्य मंडी में 530 मीटर चाहरदीवारी ,एक गेट व पिलर, चेक पोस्ट छोटा गेट व गेट पिलर का निर्माण कार्य 41 लाख रुपये की लागत से राजकीय कृषि उत्पादन मंडी परिषद (मंडी निर्माण) बस्ती द्वारा कराया जा रहा है। कार्यदायी संस्था द्वारा गेट निर्माण हेतु शटरिंग कार्य करते समय गत 3 जून को गिर गया। जिससे इस पर कार्य कर रहे एक मजदूर की मौत हो गई जबकि चार अन्य मजदूर घायल हो गये।
इस मामले की जांच के लिए उपजिलाधिकारी शोहरतगढ़ की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय टीम गठित करके दो दिन में रिपोर्ट देने का निर्देश दिया गया । इसकी रिपोर्ट शुक्रवार को कमेटी द्वारा दी गई। कमेटी ने कार्य की गुणवत्ता एवं पर्यवेक्षण में शिथिलता बरतने का आरोप लगाया है। जिसके आधार पर कार्य की न्यून गुणवत्ता एवं शिथिलता हेतु सम्बंधित अवर अभियंता व सहायक अभियंता तथा उप निदेशक मंडी परिषद (निर्माण)बस्ती के विरुद्ध कार्रवाई करने तथा ठेकेदार को काली सूची में डालने की कार्यवाही की संस्तुति निदेशक मंडी परिषद/शासन को भेज दिया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बलराम त्रिपाठी