Enter your Email Address to subscribe to our newsletters



एक ही छत के नीचे मिलीं स्वास्थ्य, लर्निंग लाइसेंस और बैंकिंग सुरक्षा जैसी महत्वपूर्ण सेवाएं
रायपुर, 05 जून (हि.स.)। सुशासन तिहार के अंतर्गत गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (जीपीएम) जिले में नगर पालिका परिषद गौरेला के सामुदायिक भवन में शुक्रवार काे जन समस्या निवारण शिविर का भव्य आयोजन किया गया। यह शिविर जनसेवा और सुशासन का एक प्रभावी उदाहरण बनकर सामने आया, जहां विभिन्न शासकीय विभागों ने एक ही स्थान पर नागरिकों की समस्याओं का समाधान किया और जनकल्याणकारी योजनाओं से पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया।
शिविर में आम नागरिकों की सुविधा के लिए विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल बेहद मददगार साबित हुए। निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक दवाइयों का वितरण किया गया। परिवहन विभाग द्वारा स्थल पर ही बड़ी संख्या में आवेदकों के लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस बनाए गए, जिससे नागरिकों के समय और संसाधनों की बचत हुई। भारतीय स्टेट बैंक ने वित्तीय साक्षरता शिविर के जरिए लोगों को डिजिटल भुगतान और ऑनलाइन सुरक्षा के गुर सिखाए गए। पुलिस विभाग ने साइबर अपराधों और ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने के उपायों पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम चलाया।
शिविर के दौरान विधायक प्रणव कुमार मरपची, कलेक्टर डॉ. संतोष कुमार देवांगन एवं अन्य जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में गर्भवती महिलाओं की गोद भराई और बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार संपन्न कराया गया। इसके साथ ही पात्र नागरिकों को आयुष्मान कार्ड, भवन अनुज्ञा पत्र, चश्मे, नोनी सुरक्षा योजना और सुकन्या समृद्धि योजना के प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
बाल विवाह मुक्त समाज का संकल्प
कार्यक्रम में कलेक्टर डॉ. संतोष कुमार देवांगन ने उपस्थित जनसमुदाय को बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़ और बाल विवाह मुक्त जिला बनाने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि बच्चों के सुरक्षित और उज्ज्वल भविष्य के लिए इस सामाजिक कुरीति का खात्मा बेहद जरूरी है और इसके लिए समाज के हर वर्ग को आगे आना होगा। शिविर में नगर पालिका अध्यक्ष मुकेश दुबे, उपाध्यक्ष रोशनी तापस शर्मा सहित विभिन्न वार्डों के पार्षद, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल