Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

दमन, 05 जून (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को दमन में 2,970 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि वैश्विक संकट के इस कठिन दौर में भी 140 करोड़ देशवासियों के सामूहिक प्रयासों से भारत न केवल खुद को संभाल रहा है, बल्कि दुनिया में अग्रणी देशों में अपनी स्थिति मजबूत कर रहा है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि वर्ष 2025-26 में भारत ने 7.7 प्रतिशत की आर्थिक वृद्धि दर हासिल की है, जबकि 31 मार्च को समाप्त तिमाही में देश की विकास दर 7.8 प्रतिशत रही। उन्होंने कहा कि यह आंकड़े भारत की अर्थव्यवस्था की मजबूत नींव का प्रमाण हैं। उन्होंने देशवासियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि भारत रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म के मार्ग पर तेज गति से आगे बढ़ता रहेगा।
मोदी ने कहा कि दमन अब मिनी इंडिया का जीवंत उदाहरण बन चुका है, जहां देश के विभिन्न हिस्सों के लोग निवास करते हैं और भारत की विविधता की सुंदर झलक दिखाई देती है। उन्होंने कहा कि दादरा एवं नगर हवेली तथा दमन एवं दीव के लोगों ने दशकों तक विकास के सपने देखे थे, जो अब साकार होते दिखाई दे रहे हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज जिन परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास हुआ है, वे कनेक्टिविटी, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन और शहरी बुनियादी ढांचे को मजबूत करेंगी। इससे लोगों का जीवन आसान होगा और युवाओं के लिए नए अवसर पैदा होंगे।
स्वास्थ्य क्षेत्र में सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए मोदी ने कहा कि नेशनल फैमिली हेल्थ सर्वे के अनुसार अब देश में 90 प्रतिशत से अधिक प्रसव अस्पतालों में हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि मिशन इंद्रधनुष के कारण पूर्ण टीकाकरण पाने वाले बच्चों का प्रतिशत 2014 से पहले के लगभग 60 प्रतिशत से बढ़कर अब करीब 90 प्रतिशत हो गया है।
उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार के लिए विकास का वास्तविक पैमाना गरीब और वंचित वर्ग के जीवन में सुधार लाना है। इसी सोच के तहत आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से गरीबों को पांच लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री ने कहा कि विकास के साथ-साथ टिकाऊ विकास मॉडल भी उतना ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत केंद्र शासित प्रदेश में करीब एक लाख पौधे लगाए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि दादरा एवं नगर हवेली तथा दमन एवं दीव सरकारी भवनों में 100 प्रतिशत सौर ऊर्जा उपयोग का लक्ष्य हासिल करने वाला केंद्र शासित प्रदेश बन चुका है। दीव में दिन के समय बिजली की पूरी मांग सौर ऊर्जा से पूरी की जा रही है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि रूफटॉप सोलर योजना के माध्यम से घरों को सस्ती बिजली मिलने के साथ अतिरिक्त बिजली बेचकर आय बढ़ाने का अवसर भी मिल रहा है।
ब्लू इकोनॉमी को लेकर मोदी ने कहा कि लक्षद्वीप के कल्पेनी और कदमत द्वीपों में आधुनिक बंदरगाहों की आधारशिला रखी जा रही है, जो समुद्री अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के साथ क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
उन्होंने कहा कि पहले इस क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाओं और मेडिकल कॉलेज का अभाव था, लेकिन अब मेडिकल कॉलेज और स्नातकोत्तर चिकित्सा शिक्षा की सुविधाएं उपलब्ध हैं। सिलवासा में नमो अस्पताल की स्थापना के बाद अब दमन में भी नमो अस्पताल का उद्घाटन किया गया है, जिससे लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी।
पर्यटन क्षेत्र का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार का विशेष जोर पर्यटन को बढ़ावा देने पर है, ताकि स्थानीय कला, संस्कृति और रोजगार के अवसरों को नई गति मिल सके। उन्होंने कहा कि देखो अपना देश अभियान ने लोगों को देश की विविधता को जानने और समझने के लिए प्रेरित किया है। साथ ही हेरिटेज टूरिज्म, बीच टूरिज्म, इको टूरिज्म और एडवेंचर टूरिज्म जैसे क्षेत्रों को भी नई ऊर्जा मिल रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार