Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

हमीरपुर, 05 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में मुस्करा थाना क्षेत्र के बंडवा रोड कस्बा मुस्करा में अवैध रूप से मिट्टी का खनन किए जाने की सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने शुक्रवार को एक जेसीबी और छह ट्रैक्टरों को जब्त किया है।
मुस्करा थाना प्रभारी निरीक्षक योगेन्द्र प्रताप सिंह ने शुक्रवार को बताया कि अवैध खनन की पुख्ता सूचना मिलते ही सब इंस्पेक्टर स्वदेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल को तुरंत मौके पर भेजा गया जैसे ही पुलिस की टीम दलबल के साथ बंडवा रोड पहुंची, वहां अफरा-तफरी मच गई। पुलिस की गाड़ी देखते ही खनन में लगे ट्रैक्टरों और जेसीबी के ड्राइवर गाड़ियां छोड़कर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने बिना वक्त गंवाए मौके से अवैध खनन में लगी एक जेसीबी (जिसका मालिक मुजीब बताया जा रहा है) और 6 ट्रैक्टरों को अपने कब्जे में ले लिया। पकड़े गए सभी वाहनों को सीज कर मुस्कुरा थाना परिसर में खड़ा करवाया गया है।
पुलिस विभाग और खनिज विभाग के समन्वय से आगे की वैधानिक व कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि फरार चालकों और इस अवैध कारोबार के पीछे शामिल मुख्य चेहरों की तलाश जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा