धनबाद में 8 से 10 करोड़ की अवैध लॉटरी का खेल, विधायक को सौंपे आवेदन में बड़े आरोप
धनबाद, 05 जून (हि.स.)। धनबाद जिले में कथित रूप से चल रहे अवैध लॉटरी कारोबार को लेकर सिंदरी विधायक चंद्रदेव महतो को एक आवेदन सौंपा गया है। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि धनबाद के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर फर्जी लॉटरी का कारोबार सं
धनबाद के चौक चौराहों पर बिक रहे अवैध लॉटरी का दृश्य


धनबाद, 05 जून (हि.स.)। धनबाद जिले में कथित रूप से चल रहे अवैध लॉटरी कारोबार को लेकर सिंदरी विधायक चंद्रदेव महतो को एक आवेदन सौंपा गया है। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि धनबाद के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर फर्जी लॉटरी का कारोबार संचालित हो रहा है, जिससे न केवल सरकार को राजस्व की क्षति हो रही है बल्कि गरीब और मध्यमवर्गीय परिवार भी आर्थिक रूप से प्रभावित हो रहे हैं।

आवेदन में दावा किया गया है कि निरसा, गोविंदपुर, बलियापुर, पाथरडीह, सिंदरी, कतरास, झरिया, भौरा, जामाडोबा समेत जिले के कई इलाकों में खुलेआम जाली लॉटरी बेची जा रही है। शिकायतकर्ताओं के अनुसार प्रतिदिन 8 से 10 करोड़ रुपये तक का कारोबार इस नेटवर्क के माध्यम से किया जा रहा है। आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि पश्चिम बंगाल की सरकारी लॉटरी की तर्ज पर नकली टिकट तैयार कर बाजार में बेचे जा रहे हैं।

शिकायत पत्र में कुछ लोगों को इस कथित नेटवर्क का संचालक बताते हुए उनके विरुद्ध जांच और कार्रवाई की मांग की गई है। साथ ही यह भी दावा किया गया है कि मैथन और निरसा क्षेत्र में कथित रूप से जाली लॉटरी की छपाई और वितरण का कार्य किया जाता है।

आवेदन में कहा गया है कि अवैध लॉटरी के कारण कई परिवार आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। लोगों को अधिक लाभ का लालच देकर इस धंधे में फंसाया जा रहा है, जिससे सामाजिक और पारिवारिक समस्याएं भी बढ़ रही हैं।

इधर, इस संबंध में सिंदरी विधायक चंद्रदेव महतो ने कहा कि अवैध लॉटरी का मुद्दा पूर्व में भी विधानसभा में उठाया गया था। उस समय सरकार की ओर से कार्रवाई का आश्वासन दिया गया था, लेकिन शिकायतें अब भी लगातार मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में यह कारोबार तेजी से फैल रहा है और लोग ठगी का शिकार हो रहे हैं। विधायक ने मांग की कि सरकार इस पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई करे। साथ ही उन्होंने कहा कि यदि आवश्यक हुआ तो इस मुद्दे को पुनः विधानसभा में प्रमुखता से उठाया जाएगा।

विधायक ने यह भी कहा कि जब तक सरकार कोई स्पष्ट नीति नहीं बनाती, तब तक अवैध लॉटरी के कारोबार पर सख्ती से रोक लगनी चाहिए, ताकि आम लोगों को आर्थिक नुकसान से बचाया जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार झा