Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

पश्चिमी सिंहभूम, 05 जून (हि.स.)। पश्चिम सिंहभूम जिले के टोंटो थाना क्षेत्र अंतर्गत बामेबासा गांव में 18 वर्षीय सोना कुदादा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शुक्रवार को उसका शव गांव के बाहर एक पेड़ पर लटका हुआ बरामद हुआ।घटना की जानकारी मिलने के बाद टोंटो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, चाईबासा भेज दिया। मामले की जांच जारी है।
मृतक के बड़े भाई बबलू कुदादा ने बताया कि परिवार के सदस्य अलग-अलग रहते हैं। गुरुवार रात सभी लोगों ने एक साथ खाना खाया और अपने-अपने कमरों में सोने चले गए। सोना कुदादा भी रात में सोने के लिए अपने कमरे में गया था। परिजनों के अनुसार रात में वह कब घर से बाहर निकला, इसकी जानकारी किसी को नहीं हो सकी।
शुक्रवार सुबह जब काफी देर तक सोना कुदादा घर में दिखाई नहीं दिया तो परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान लगभग 10 बजे जानकारी मिली कि घर से करीब आधा किलोमीटर दूर एक सुनसान स्थान पर उसका शव जामुन के पेड़ से लटका हुआ मिला है। सूचना मिलने के बाद परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल पुलिस को इसकी जानकारी दी गई।
बबलू कुदादा ने बताया कि सोना कुदादा का व्यवहार सामान्य और मिलनसार था। परिवार के लोगों को समझ नहीं आ रहा है कि आखिर ऐसी कौन सी परिस्थिति थी जिसके कारण उसकी मौत हुई। घटना के बाद परिजन और ग्रामीण स्तब्ध हैं तथा पूरे गांव में शोक का माहौल है।
टोंटो थाना प्रभारी सुकुमार हेंब्रम ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी और जांच के आधार पर मामले के संबंध में स्पष्ट जानकारी सामने आएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक