Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

धनबाद, 05 जून (हि.स.)। धनबाद के शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसएनएमएमसीएच) में शुक्रवार को उस समय हंगामे की स्थिति उत्पन्न हो गई, जब सांप के काटने से मृत युवक के परिजन शव को बिना पोस्टमार्टम कराए झाड़-फूंक के लिए अपने साथ ले जाने की जिद पर अड़ गए। परिजनों और अस्पताल प्रबंधन के बीच काफी देर तक विवाद की स्थिति बनी रही, जिसके बाद सरायढेला थाना पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार गिरिडीह जिले के बिरनी थाना क्षेत्र अंतर्गत द्वारपहरी गांव निवासी 20 वर्षीय राजा कुमार को गुरुवार रात घर की छत पर सोने के दौरान जहरीले सांप ने काट लिया था। घटना के बाद परिजनों ने उसे गिरिडीह सदर अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर शुक्रवार सुबह बेहतर इलाज के लिए एसएनएमएमसीएच धनबाद रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान दोपहर में उसकी मौत हो गई।
युवक की मौत के बाद परिजनों ने दावा किया कि झाड़-फूंक के माध्यम से उसका उपचार कराया जाएगा और इसी कारण वे शव को बिना पोस्टमार्टम अपने साथ ले जाना चाहते थे। अस्पताल में तैनात सुरक्षा कर्मियों ने शव ले जाने से रोक दिया, जिसके बाद परिजनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू कर दिया।
सूचना मिलने पर सरायढेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाने का प्रयास किया। काफी देर तक चली बातचीत के बाद परिजनों के अनुरोध पर शव को बिना पोस्टमार्टम उनके सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस ने परिजनों को स्पष्ट किया कि यदि झाड़-फूंक के बाद भी युवक जीवित नहीं होता है तो शव को पोस्टमार्टम के लिए पुनः अस्पताल लाना होगा, अन्यथा कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
हंगामे के बाद परिजन एंबुलेंस से शव लेकर गिरिडीह के लिए रवाना हो गए। घटना को लेकर अस्पताल परिसर में काफी देर तक अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बना रहा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार झा