Enter your Email Address to subscribe to our newsletters


पश्चिमी सिंहभूम, 05 जून (हि.स.)। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पश्चिमी सिंहभूम जिले की नोवामुंडी लौह अयस्क खदान में व्यापक पाैधारोपण और पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता संवर्धन, पारिस्थितिक संतुलन और सतत खनन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराते हुए खदान क्षेत्र में 1,720 पौधों का रोपण किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ खान सुरक्षा निदेशक, डीजीएमएस के योहान येजेरला ने आम का पौधा लगाकर किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि जलवायु परिवर्तन आज पूरी दुनिया के सामने एक गंभीर चुनौती है, जिसका सामना सामूहिक प्रयासों और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार व्यवहार से ही किया जा सकता है। उन्होंने सतत विकास और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण की आवश्यकता पर बल देते हुए डीजीएमएस के 125 वें स्थापना दिवस के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी पहलों की भी चर्चा की।
पौधारोपण अभियान नोवामुंडी लौह अयस्क खदान के हिल-6 वेस्ट डंप क्षेत्र में चलाया गया। इस दौरान आम, जामुन, अमरूद, अर्जुन, करंज, नीम और नींबू सहित कई स्थानीय एवं फलदार प्रजातियों के पौधे लगाए गए। खदान प्रबंधन ने बताया कि क्षेत्र में हरित आवरण को बढ़ाने और जैव विविधता को मजबूत करने के लिए साल प्लांटेशन प्लॉट और फलोद्यान विकसित किए जा रहे हैं, जिससे पर्यावरण संरक्षण के साथ स्थानीय पारिस्थितिकी तंत्र को भी लाभ मिलेगा।
कार्यक्रम में माइन मैनेजर नितेश माहेश्वरी, हेड इक्विपमेंट एजे जॉर्ज, प्रोडक्शन मैनेजर निरंजन जेना, सहायक प्रबंधक दुर्वा तेंदुलकर, पर्यावरण अभियंता हर्ष सहित टाटा स्टील के कई वरिष्ठ अधिकारी, माइन फोरमैन, माइनिंग मेट्स सहित अन्य उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक