बेलगड़िया में उपडाकघर का सांसद ढुल्लू महतो ने किया शुभारंभ
धनबाद, 05 जून (हि.स.)। धनबाद जिले के झरिया अग्नि प्रभावित क्षेत्र से विस्थापित परिवारों के लिए एक बड़ी सुविधा की शुरुआत हुई है। शुक्रवार को बेलगड़िया पुनर्वास स्थल में नए उपडाकघर का उद्घाटन धनबाद सांसद ढुल्लू महतो और डाक विभाग के प्रमंडलीय अध्यक्ष
उपडाकघर का शुभारंभ करते सांसद और डाक विभाग के प्रमंडलीय अध्यक्ष


धनबाद, 05 जून (हि.स.)। धनबाद जिले के झरिया अग्नि प्रभावित क्षेत्र से विस्थापित परिवारों के लिए एक बड़ी सुविधा की शुरुआत हुई है। शुक्रवार को बेलगड़िया पुनर्वास स्थल में नए उपडाकघर का उद्घाटन धनबाद सांसद ढुल्लू महतो और डाक विभाग के प्रमंडलीय अध्यक्ष राजीव रंजन ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने कार्यक्रम में भाग लिया और सांसद का स्वागत किया। उपडाकघर शुरू होने से अब क्षेत्र के लोगों को डाक एवं बैंकिंग सेवाओं के लिए दूर-दराज के इलाकों में नहीं जाना पड़ेगा।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए सांसद ढुल्लू महतो ने कहा कि बेलगड़िया में उपडाकघर खोलने की मांग लंबे समय से की जा रही थी। इस मांग को पूरा करने के लिए उन्होंने केंद्रीय स्तर पर लगातार प्रयास किए। उन्होंने कहा कि डाकघर खुलने से स्थानीय लोगों को बचत, बैंकिंग और डाक सेवाओं का लाभ अपने ही क्षेत्र में मिलेगा, जिससे समय और संसाधनों की बचत होगी।

इस अवसर पर सांसद ने अपने दो वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि उनके प्रयासों से गया पुल का निर्माण पूरा हुआ, मटकुरिया फ्लाईओवर का निर्माण कार्य तेजी से जारी है, धनबाद में रेडियो स्टेशन की शुरुआत हुई है। इसके अलावा गोविंदपुर और निरसा में जाम की समस्या के समाधान के लिए एलिवेटेड फ्लाईओवर की दिशा में पहल की गई है तथा धनबाद को सात नई ट्रेनों की सौगात भी मिली है।

वहीं डाक विभाग के प्रमंडलीय अध्यक्ष राजीव रंजन ने कहा कि बेलगड़िया में बड़ी आबादी निवास करती है। उपडाकघर खुलने से लोगों को डाक सेवाओं के साथ-साथ विभिन्न बचत योजनाओं का लाभ भी आसानी से मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि इससे लोगों में बचत की आदत को बढ़ावा मिलेगा और वित्तीय समावेशन को मजबूती मिलेगी।

बेलगड़िया पुनर्वास स्थल में उपडाकघर की शुरुआत को स्थानीय लोगों ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है। लोगों का मानना है कि इससे उन्हें सरकारी सेवाओं तक आसान पहुंच मिलेगी और रोजमर्रा के कई कार्य अब स्थानीय स्तर पर ही पूरे हो सकेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार झा