मतदाता सूची एसआईआर को लेकर राजनीतिक दलों के साथ बैठक
खूंटी, 05 जून (हि.स.)। समाहरणालय सभागार में शुक्रवार को उपायुक्त-सह-जिला निर्वाचन पदाधिकारी मो जावेद हुसैन की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के अध्यक्ष और सचिवों के साथ मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 को लेकर बैठक आयोजित
राजनीतिक दल


खूंटी, 05 जून (हि.स.)। समाहरणालय सभागार में शुक्रवार को उपायुक्त-सह-जिला निर्वाचन पदाधिकारी मो जावेद हुसैन की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के अध्यक्ष और सचिवों के साथ मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्वाचन विभाग की ओर से पुनरीक्षण कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी साझा की गई।

उपायुक्त ने बताया कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के लिए 01 अक्टूबर 2026 को अर्हता तिथि निर्धारित की गई है। इसके तहत 20 जून से 29 जून तक तैयारी, प्रशिक्षण और आवश्यक मुद्रण कार्य संपन्न किया जाएगा। इसके बाद 30 जून से 29 जुलाई तक बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे। इसी अवधि में मतदान केंद्रों के युक्तिकरण का कार्य भी पूरा किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशन 05 अगस्त 2026 को किया जाएगा। इसके बाद 05 अगस्त से 04 सितंबर तक दावा और आपत्ति प्राप्त की जाएगी। दावे और आपत्तियों के निस्तारण एवं नोटिस संबंधी प्रक्रिया 05 अगस्त से 03 अक्टूबर तक चलेगी। अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 07 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा।

बैठक में उपायुक्त ने सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से प्रत्येक मतदान केंद्र पर बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) नियुक्त करने की अपील की। उन्होंने कहा कि बीएलए की सक्रिय भागीदारी से विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्य अधिक प्रभावी और पारदर्शी ढंग से संपन्न होगा। इससे पात्र मतदाताओं का नाम सूची में शामिल करने तथा त्रुटिरहित एवं अद्यतन मतदाता सूची तैयार करने में सहायता मिलेगी।

बैठक में अपर समाहर्ता-सह-उप निर्वाचन पदाधिकारी सुषमा लकड़ा सहित निर्वाचन कार्य से जुड़े अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मिश्रा