Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

खूंटी, 05 जून (हि.स.)।
समाहरणालय सभागार में ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (जेएसएलपीएस) की ओर से शुक्रवार को आयोजित आम उत्सव-सह-क्रेता-विक्रेता सम्मेलन में उपायुक्त मो जावेद हुसैन ने आम प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
इस दौरान उन्होंने किसानों से आम उत्पादन, गुणवत्ता, विपणन और बाजार की संभावनाओं पर चर्चा की।
प्रदर्शनी में जिले के किसानों एवं किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) की ओर से मालदा, आम्रपाली, लंगड़ा सहित विभिन्न उन्नत एवं लोकप्रिय किस्मों के आम प्रदर्शित किए गए। विभिन्न स्टॉलों पर आम की प्रजातियों, उनकी विशेषताओं और उत्पादन संबंधी जानकारियां प्रस्तुत की गईं। खरीदारों और आगंतुकों ने भी आम की गुणवत्ता एवं विविधता की सराहना की।
उपायुक्त ने कहा कि खूंटी का आम अपनी गुणवत्ता और स्वाद के कारण विशेष पहचान रखता है। किसानों को संगठित कर बेहतर विपणन व्यवस्था, ब्रांडिंग और मूल्य संवर्धन से जोड़ने की आवश्यकता है, ताकि यहां के उत्पाद राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय बाजारों तक पहुंच सकें। उन्होंने कहा कि किसान उत्पादक संगठन किसानों को बाजार से जोड़ने, उचित मूल्य दिलाने और कृषि आधारित उद्यमों को बढ़ावा देने का प्रभावी माध्यम हैं।
उन्होंने कृषि उत्पादों के प्रसंस्करण के लिए प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित करने और स्थानीय उत्पादों के लिए व्यापक बाजार उपलब्ध कराने पर बल दिया। साथ ही किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने, सामूहिक रूप से कार्य करने और एफपीओ से जुड़कर आय बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त प्रवीण कुमार प्रकाश, डीपीएम जेएसएलपीएस मनीषा कुमारी, परियोजना निदेशक मनरेगा सहित कई पदाधिकारी, किसान, एफपीओ प्रतिनिधि और खरीदार उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मिश्रा