किसानों के हित में उपायुक्त ने योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का दिया निर्देश
खूंटी, 05 जून (हि.स.)। समाहरणालय सभागार में उपायुक्त मो. जावेद हुसैन की अध्यक्षता में कृषि विभाग, भूमि संरक्षण विभाग और आत्मा विभाग की समीक्षा बैठक शुक्रवार को आयोजित की गई। बैठक में खाद एवं बीज विक्रेताओं के साथ भी विस्तृत चर्चा हुई और किसानों
बैठक


खूंटी, 05 जून (हि.स.)।

समाहरणालय सभागार में उपायुक्त मो. जावेद हुसैन की अध्यक्षता में कृषि विभाग, भूमि संरक्षण विभाग और आत्मा विभाग की समीक्षा बैठक शुक्रवार को आयोजित की गई।

बैठक में खाद एवं बीज विक्रेताओं के साथ भी विस्तृत चर्चा हुई और किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उपायों पर विचार-विमर्श किया गया।

उपायुक्त ने सभी खाद एवं बीज विक्रेताओं को समय पर यूरिया का उठाव सुनिश्चित करने और ई-पॉस मशीन के माध्यम से किसानों को खाद और बीज का पारदर्शी एवं समयबद्ध वितरण करने का निर्देश दिया। इस दौरान डीलरों ने वितरण प्रक्रिया में आने वाली समस्याओं से अवगत कराया, जिस पर उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में कृषि, भूमि संरक्षण एवं आत्मा विभाग की ओर से संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने पारंपरिक खेती के साथ-साथ ड्रैगन फ्रूट, स्ट्रॉबेरी और अन्य उच्च मूल्य वाली फसलों की खेती को बढ़ावा देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इससे किसानों की आय में वृद्धि होगी और वे आर्थिक रूप से सशक्त बनेंगे।

उपायुक्त ने प्रखंड कृषि पदाधिकारियों को किसानों से नियमित संवाद बनाए रखने और योजनाओं का लाभ पात्र किसानों तक पहुंचाने का निर्देश दिया। साथ ही बंद पड़ी लिफ्ट इरिगेशन योजनाओं को शीघ्र चालू कर सिंचाई व्यवस्था मजबूत करने पर बल दिया।

बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी एवं खाद-बीज विक्रेता उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मिश्रा