Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

शिमला, 05 जून (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में शुक्रवार की रात भूकम्प के तेज झटके लगे हैं। प्रदेश के कई जिलों में लोगों ने भूकम्प के झटके महसूस किए। रात करीब 10 बजकर 4 मिनट पर भूकम्प के झटकों से धरती हिली। ये झटके शिमला, कुल्लू, चम्बा, हमीरपुर सहित अन्य जिलों में महसूस हुए। हमीरपुर में तो लोग घरों से बाहर भी निकल आये। भूकम्प के इन झटकों से लोगों में दहशत का माहौल देखा गया है।
भूकम्प की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 5 रही। ये झटके रात 10 बजकर 4 मिनट पर कुछ सेकंड तक रहे।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के मुताबिक भूकम्प का केंद्र चम्बा में 32.28 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 76.43 डिग्री पूर्वी देशांतर पर रहा और इसकी गहराई जमीन की सतह से पांच किलोमीटर नीचे दर्ज किया गया।
फिलहाल भूकंप के झटकों के कारण किसी तरह का जान-माल के नुकसान की रिपोर्ट नहीं है, क्योंकि इसकी तीव्रता कम रही। पहले भी राज्य के कई हिस्सों में कई बार कम तीव्रता के भूकम्प के झटके लग चुके हैं। हालांकि इस दौरान किसी तरह का नुकसान नहीं हुआ था।
हिमाचल प्रदेश में भूकंप का लगातार आना लोगों को दहशत में डाल रहा है। पिछले कई सालों से यहां भूकम्प के झटके लग रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि हिमाचल प्रदेश भूकम्प की दृष्टि से अति संवेदनशील जोन-6 में शामिल है। यहां कई वर्षों से भूकम्प के हल्के झटके महसूस किए जाते रहे हैं। वर्ष 1905 में कांगड़ा व चम्बा जिलों में आये विनाशकारी भूकंप से 10 हज़ार से अधिक लोग मारे गए थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा