पूर्व कांग्रेस नेता युद्ध चंद बैंस पर शिकंजा, सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर गिरफ्तारी
शिमला, 05 जून (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस के पूर्व नेता और होटल कारोबारी युद्ध चंद बैंस को शिमला पुलिस ने साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने से जुड़े एक मामले में गिरफ्तार किया है। पुलिस का आरोप है कि युद्ध चंद बैंस ने अपने फेसबुक अकाउंट पर एक ऐ
Fir


शिमला, 05 जून (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस के पूर्व नेता और होटल कारोबारी युद्ध चंद बैंस को शिमला पुलिस ने साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने से जुड़े एक मामले में गिरफ्तार किया है। पुलिस का आरोप है कि युद्ध चंद बैंस ने अपने फेसबुक अकाउंट पर एक ऐसी वीडियो पोस्ट की थी, जिसमें विभिन्न धार्मिक समुदायों के बीच वैमनस्य पैदा करने वाली सामग्री, एक विशेष समुदाय को लक्षित टिप्पणियां और आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया था। पुलिस के अनुसार इस सामग्री के व्यापक प्रसार से कानून-व्यवस्था और साम्प्रदायिक सौहार्द प्रभावित होने की आशंका थी।

जिला शिमला पुलिस के प्रवक्ता ने शुक्रवार को बताया कि मामले की शुरुआत थाना बालूगंज में प्राप्त एक शिकायत से हुई। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि युद्ध चंद बैंस द्वारा सोशल मीडिया पर साझा की गई वीडियो बड़ी संख्या में लोगों तक पहुंच रही है, इससे सामाजिक तनाव पैदा हो सकता है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने वीडियो और उससे जुड़े डिजिटल साक्ष्यों की जांच की।

पुलिस के मुताबिक प्रारंभिक जांच और डिजिटल विश्लेषण के दौरान यह पाया गया कि संबंधित व्यक्ति अपने सोशल मीडिया मंचों पर नियमित रूप से इस प्रकार की सामग्री साझा करता रहा है। जांच में उपलब्ध वीडियो और अन्य डिजिटल साक्ष्यों के परीक्षण के बाद पुलिस इस निष्कर्ष पर पहुंची कि संबंधित सामग्री विभिन्न समुदायों के बीच तनाव और वैमनस्य पैदा करने की प्रवृत्ति रखती है।

इसी आधार पर पुलिस थाना बालूगंज शिमला में एफआईआर दर्ज की गई। मामला भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 196, 299 और 353(2) के तहत दर्ज किया गया। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान युद्ध चंद बैंस को नोटिस देकर पूछताछ में शामिल होने के लिए कहा गया था, लेकिन उसने अपेक्षित सहयोग नहीं किया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने जांच प्रक्रिया में व्यवधान उत्पन्न करने का भी प्रयास किया, जिसके बाद मामले में बीएनएस की धारा 221 भी जोड़ दी गई। इसके बाद उपलब्ध साक्ष्यों और जांच के आधार पर उसे 5 जून को गिरफ्तार कर लिया गया।

बता दें कि युद्ध चंद बैंस प्रदेश की राजनीति और कारोबारी जगत में जाना-पहचाना नाम रहा है। वह पहले कांग्रेस से भी जुड़ा रहा है और हाल के वर्षों में प्रदेश की कांग्रेस सरकार के खिलाफ काफी मुखर रहा है। इसके साथ ही वह होटल व्यवसाय से भी जुड़ा हुआ है।

युद्ध चंद बैंस का नाम एक चर्चित वित्तीय मामले में भी सामने आ चुका है। उस पर होटल निर्माण के नाम पर करीब 20 करोड़ रुपये के ऋण में कथित धोखाधड़ी के आरोप हैं। इस मामले में एफआईआर दर्ज होने के बाद राज्य विजिलेंस ब्यूरो जांच कर रहा है। विजिलेंस की टीम कई बार युद्ध चंद बैंस से पूछताछ भी कर चुकी है। यह मामला होटल परियोजनाओं के लिए लिए गए ऋण और उससे जुड़ी कथित वित्तीय अनियमितताओं से संबंधित है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा