Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

अशोकनगर, 05 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले में पर्यावरण दिवस के विशेष अवसर पर शुक्रवार को जिले में पर्यावरण संरक्षण और सडक़ सुरक्षा को लेकर एक बड़ी प्रशासनिक पहल की शुरुआत हुई है। कलेक्टर साकेत मालवीय ने खुद हेलमेट लगाकर साइकिल चलाई और जिलेवासियों को सेहत, सुरक्षा और पर्यावरण का त्रिवेणी संदेश दिया। इसके साथ ही अब जिले में दोपहिया वाहन चालकों के लिए हेलमेट अनिवार्य कर दिया गया है।
अधिकारियों को दी नसीहत:विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर कलेक्टर साकेत मालवीय एक अलग ही अंदाज में नजर आए। उन्होंने पर्यावरण को शुद्ध रखने और ईंधन की बचत का संदेश देने के लिए साइकिल की सवारी की। खास बात यह रही कि साइकिल चलाते समय भी उन्होंने सुरक्षा मानकों का पूरा ध्यान रखा और हेलमेट पहनकर यात्रा की। कलेक्टर ने जिले के सभी शासकीय अधिकारियों और कर्मचारियों से अपील की है कि वे पेट्रोल बचाने और पर्यावरण को बढ़ावा देने के लिए साइकिल का अधिक से अधिक उपयोग करें। साथ ही, अपनी सुरक्षा के लिए हेलमेट अनिवार्य रूप से लगाएं।
कलेक्ट्रेट में नो हेलमेट, नो एंट्री:प्रशासनिक स्तर पर सख्ती दिखाते हुए कलेक्टर ने आदेश जारी किए हैं कि अब कलेक्ट्रेट परिसर में आने वाले किसी भी अधिकारी, कर्मचारी या आम नागरिक को बिना हेलमेट के प्रवेश नहीं दिया जाएगा। यदि कोई दोपहिया वाहन से आ रहा है, तो उसके सिर पर हेलमेट होना अनिवार्य है।
पेट्रोल पंपों के लिए जल्द जारी होगा नो हेलमेट, नो पेट्रोल का आदेश:सडक़ दुर्घटनाओं में कमी लाने और लोगों को हेलमेट के प्रति जागरूक करने के लिए कलेक्टर साकेत मालवीय ने एक और कड़ा कदम उठाने के संकेत दिए हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही जिले के सभी पेट्रोल पंप संचालकों के लिए औपचारिक आदेश जारी किए जाएंगे, जिसके तहत हेलमेट नहीं, तो पेट्रोल नहीं का नियम लागू किया जाएगा। बिना हेलमेट पेट्रोल पंप पहुंचने वाले वाहन चालकों को ईंधन नहीं दिया जाएगा।
कलेक्टर ने अपील कर कहा है कि साइकिल चलाना पर्यावरण और सेहत दोनों के लिए वरदान है, लेकिन सडक़ पर निकलते समय सुरक्षा सर्वोपरि है। कलेक्ट्रेट से शुरू हुई यह मुहिम पूरे जिले में नागरिकों की सुरक्षा का कवच बनेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र ताम्रकार