Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

जयपुर, 05 जून (हि.स.)। राजस्थान पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन मदाश्विन’ के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए पंजाब के फिरोजपुर जिले से एक वर्ष से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी तस्कर सुनील कुमार को गिरफ्तार किया है। राजस्थान पुलिस की यह कार्रवाई लगातार पांचवें दिन भी जारी रही और इसके तहत झारखंड, मध्यप्रदेश के बाद अब पंजाब में नशा तस्करी नेटवर्क पर करारा प्रहार किया गया।
पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा के निर्देश तथा अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस दिनेश एम.एन. के निर्देशन एवं एएनटीएफ के महानिरीक्षक विकास कुमार के नेतृत्व में चल रहे अभियान के तहत आरोपी को फिरोजपुर स्थित एक गौशाला से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी सुनील कुमार निवासी जैतसर, जिला श्रीगंगानगर, पिछले एक वर्ष से फरार चल रहा था। उसके खिलाफ मादक पदार्थ तस्करी सहित कई मामले दर्ज हैं और श्रीगंगानगर पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपए का इनाम घोषित कर रखा था।
एएनटीएफ की टीम जब आरोपी के श्रीगंगानगर स्थित घर पहुंची तो वह वहां नहीं मिला। तलाशी के दौरान पुलिस को फिरोजपुर की एक पुरानी ट्रेन टिकट मिली। चूंकि आरोपित का वहां कोई रिश्तेदार नहीं था, इसलिए टीम को संदेह हुआ। सुराग के आधार पर पुलिस फिरोजपुर पहुंची और स्थानीय लोगों से पूछताछ के बाद आरोपित को एक स्कूल के पास स्थित गौशाला में रहने की जानकारी मिली।
पुलिस ने घेराबंदी कर दबिश दी तो आरोपित भागने लगा और स्कूल की दीवार फांदकर छिपने का प्रयास किया, लेकिन करीब आधे घंटे तक चले पीछा करने के बाद उसे दबोच लिया गया।
जांच में सामने आया कि गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपित गौशाला में रह रहा था। वह मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करता था और अपनी कमाई ई-मित्र के माध्यम से घर भेजता था, ताकि उसकी लोकेशन ट्रेस नहीं हो सके।
पुलिस के अनुसार आरोपित ने आठवीं कक्षा के बाद पढ़ाई छोड़ दी थी। नशे की लत के चलते उसने चोरी और जमीनों की फर्जी खरीद-फरोख्त शुरू कर दी। वर्ष 2021 से 2025 के बीच उसके खिलाफ घड़साना, विजयनगर, छत्तरगढ़ और जैतसर क्षेत्रों में चोरी, धोखाधड़ी और एनडीपीएस एक्ट के कई मामले दर्ज हुए।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि उसने एक पैडलर को 280 ग्राम हेरोइन देकर सूरतगढ़ भेजा था, लेकिन सूरतगढ़ पुलिस ने खेप सहित सप्लायर को पकड़ लिया था। इसके बाद आरोपित का नाम एनडीपीएस मामले में सामने आया और वह फरार हो गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश