पुलिस कार्रवाई के दौरान युवती के झुलसने पर आयोग ने लिया प्रसंज्ञान
जयपुर, 24 जून (हि.स.)। राज्य मानवाधिकार आयोग ने जगतपुरा के महल रोड इलाके में वीआईपी मूवमेंट के चलते पुलिस कार्रवाई के दौरान फास्ट फूड विक्रेता युवती के झुलसने की घटना को गंभीरता से लिया है। इसके साथ ही आयोग ने मामले में स्वप्रेरणा से प्रसंज्ञान लेत
पुलिस कार्रवाई के दौरान युवती के झुलसने पर आयोग ने लिया प्रसंज्ञान


जयपुर, 24 जून (हि.स.)। राज्य मानवाधिकार आयोग ने जगतपुरा के महल रोड इलाके में वीआईपी मूवमेंट के चलते पुलिस कार्रवाई के दौरान फास्ट फूड विक्रेता युवती के झुलसने की घटना को गंभीरता से लिया है। इसके साथ ही आयोग ने मामले में स्वप्रेरणा से प्रसंज्ञान लेते हुए पुलिस कमिश्नर, कलेक्टर और डीसीपी पूर्व से तथ्यात्मक रिपोर्ट मांगी है। आयोग अध्यक्ष जस्टिस जीआर मूलचंदानी ने यह आदेश घटना के संबंध में प्रकाशित मीडिया रिपोर्ट्स पर कार्रवाई करते हुए दिए।

आयोग ने संबंधित अधिकारियों से तथ्यात्मक रिपोर्ट मांगते हुए कहा है कि यदि घटना में कोई लोक सेवक जिम्मेदार मिले तो उसके खिलाफ उचित कार्रवाई के साथ ही प्राथमिकी दर्ज कराने की स्थिति भी स्पष्ट की जाए। इसके साथ ही पीडिता को चिकित्सा सुविधा व मुआवजा देना भी सुनिश्चित करें। इसके साथ ही आयोग ने प्रशासन को कहा है कि सभी पुलिसकर्मियों व लोक सेवकों को आमजन के प्रति संवेदनशील व मानवीय व्यवहार सुनिश्चित कराने के लिए जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए जाए।

आयोग ने कहा कि मीडिया रिपोर्ट से पता चलता है कि बीएससी डिग्रीधारी रेशु की नौकरी न होने के कारण वह पिछले कुछ समय से वहां पर मोमोज का ठेला लगाकर अपनी बहनों का पालन-पोषण कर रही थी। घटना के दिन वीआईपी काफिले के कारण पुलिस ने उसका ठेला पलट दिया। जिससे खौलता पानी उस पर गिरने से वह गंभीर रूप से जल गई। अस्पताल से लौटने के बाद युवती अपनी बहन के साथ रामनगरिया थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई, लेकिन उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पारीक